‘चंदा चोरों, गद्दी छोड़ो’ चौपाल में कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

जनपद बांदा।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के निर्देश पर मंगलवार को ग्राम पंचायत गंच्छा के कैता पुरवा में ‘चंदा चोरों, गद्दी छोड़ो’ चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नीरज यादव ने की, जबकि कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। चौपाल को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितताओं की जांच का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मंदिर में चढ़ावे की जांच के लिए गठित एसआईटी द्वारा अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंपे जाने की खबर सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि रिपोर्ट में ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय और सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा का नाम नहीं होने से जांच की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं।

राजेश दीक्षित ने आरोप लगाया कि सरकार जांच के नाम पर प्रभावशाली लोगों को बचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता पूरे मामले को देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी। उन्होंने भाजपा और सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राम के नाम पर राजनीति करने वालों को राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावे के मामले में भी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी का संघर्ष केवल कथित चंदा या चढ़ावा अनियमितताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा से भी जुड़ा है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर जागरूकता अभियान चलाने और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “चंदा चोरों, चढ़ावा चोरों और वोट चोरों से देश को बचाना होगा तथा लोकतंत्र को मजबूत करना होगा।” उन्होंने कहा कि जनता हर मुद्दे पर सरकार से जवाब चाहती है और लोकतंत्र में जनता से बड़ा कोई नहीं है।

चौपाल में जिला महासचिव कालीचरण निगम, अमित तिवारी, जिला कंट्रोल रूम प्रभारी बी लाल भाई, कांग्रेस सोशल मीडिया के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार द्विवेदी, बब्लू यादव, ब्रजेश यादव, रामऔतार, बाबूलाल, लालबाबू राजपूत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट