आगामी नवरात्रि की तैयारियो को लेकर सिंह वाहिनी माता मंदिर प्रांगण में बैठक संपन्न

जनपद बांदा।

बांदा के कस्बा कमासिन में गुरुवार 1 अक्टूबर को आगामी नवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर कमासिन थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव के समीप यमुना तट पर स्थित मां सिंहवाहिनी माता मंदिर परिसर में मां सिंहवाहिनी मंदिर निर्माण एवं विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष इंद्रेश द्विवेदी ने की। इस दौरान संरक्षक एवं ब्लॉक प्रमुख रावेंद्र गर्ग मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत कोषाध्यक्ष राजकुमार शुक्ला द्वारा समिति के आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत करने के साथ हुई। इसके बाद आगामी नवरात्रि पर्व के दौरान मंदिर में आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। समिति पदाधिकारियों ने मंदिर परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विचार- विमर्श किया। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने पर जोर दिया गया।

समिति सदस्यों ने नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आपसी समन्वय बनाए रखने का निर्णय लिया। साथ ही श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने पर सहमति बनी। बैठक में सचिव धर्मेश मिश्रा, सह-कोषाध्यक्ष श्रीकांत मिश्रा, निर्माण कार्य संचालक सत्यप्रकाश पांडेय, प्रकाश द्विवेदी सहित समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar