ग्रामीणों की शिकायत पर नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर कराया जलनिकासी का समाधान
खागा/फतेहपुर। ऐरायाँ विकास खंड के मंडवा गांव के मजरे कल्लूमियां का पुरवा में बारिश के पानी की निकासी बाधित होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के एक व्यक्ति द्वारा रास्ते/नाली की जगह पर अतिक्रमण किए जाने से बारिश का पानी रुक गया था।
ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शनिवार को नायब तहसीलदार ऐरायाँ प्रतिमा द्विवेदी राजस्व व पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए अतिक्रमण करने वालों को सख्त हिदायत दी। इसके बाद टीम की मौजूदगी में नाली खुदवाकर बारिश के रुके पानी की निकासी कराई गई। जलनिकासी शुरू होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। नायब तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक रास्ते अथवा जलनिकासी में किसी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राजस्व टीम की कार्रवाई के बाद मौके पर जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराया गया।
इस दौरान राजस्व निरीक्षक राजकुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक हरिराम यादव, हल्का लेखपाल उमेंद्र कुमार मौर्य, कांस्टेबल दीपक कुमार, बिकेश कुमार, इंद्रवीर सिंह, महिला कांस्टेबल अंजली यादव, निकेता शर्मा, स्वाती साहू, रोजगार सेवक समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


