अटल आवासीय विद्यालय के बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : आयुक्त अजीत

जनपद बांदा।

सोमवार 03 अगस्त 2026 को आयुक्त, चित्रकूटधाम मण्डल, बाँदा अजीत कुमार की अध्यक्षता में अटल आवासीय विद्यालय, अछरौड़, जनपद बाँदा की मण्डल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उप श्रमायुक्त, चित्रकूटधाम मण्डल, बाँदा, प्रधानाचार्य सहित समिति के समस्त नामित सदस्यों ने प्रतिभाग किया। बैठक में विद्यालय की प्रगति, उपलब्धियों एवं आधारभूत आवश्यकताओं की समीक्षा करते हुए बच्चों के हित में प्रस्तुत प्रस्तावों पर सहमति प्रदान कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। विद्यालय में पेयजल, विद्युत व्यवस्था, जनरेटर, नियमित चिकित्सक, आरओ प्लांट, छात्र-छात्राओं हेतु अतिरिक्त सुविधाओं एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

आयुक्त ने निर्देशित किया कि विद्यालय में महिला एवं पुरुष सुरक्षा गार्डों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा विशेष रूप से बालिका छात्रावास की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। बिना अनुमति कोई भी बाहरी व्यक्ति छात्रावास अथवा विद्यालय परिसर के संवेदनशील क्षेत्रों में प्रवेश न कर सके। विद्यालय परिसर, छात्रावास, भोजनालय, रसोईघर एवं शौचालयों की नियमित साफ-सफाई कराई जाए तथा वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए मच्छरों एवं जलजनित रोगों से बचाव के समुचित प्रबंध किए जाएं। बच्चों को घास वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से खेलने से रोका जाए तथा सर्पदंश जैसी आपात स्थितियों से निपटने हेतु एंटी-वेनम सहित आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध रखी जाएं।

उन्होंने निर्देशित किया कि बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा भोजन तैयार करने वाले कार्मिक स्वच्छता के सभी मानकों का पालन करें। विद्यार्थियों को शिष्टाचार, नैतिक शिक्षा, अनुशासन एवं जीवन मूल्यों के प्रति जागरूक किया जाए तथा प्रतिदिन योग, प्राणायाम एवं खेलकूद गतिविधियों में सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए अधिकाधिक पौधरोपण एवं उनके संरक्षण पर विशेष बल दिया जाए।

बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों की भी सराहना की गई। समिति को अवगत कराया गया कि विद्यालय का सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है तथा विद्यार्थियों ने विभिन्न शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं। बैठक के अंत में आयुक्त ने निर्देशित किया कि बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल लिखित एवं दूरभाष के माध्यम से उन्हें अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि अटल आवासीय विद्यालय को प्रदेश के उत्कृष्ट आवासीय शिक्षण संस्थानों में विकसित करने हेतु सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण प्रतिबद्धता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट