जनपद बांदा।
बांदा में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कार्मिकों की लंबित मांगों के समाधान को लेकर संघर्ष समिति राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तर प्रदेश के नेतृत्व में बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, बांदा में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से NHM कार्मिकों ने अपनी प्रमुख मांगों को शासन तक पहुंचाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। संघर्ष समिति ने कहा कि NHM कार्मिक लंबे समय से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उनकी सेवा-सुरक्षा, वेतन, स्थानांतरण एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित कई मांगें लंबित हैं।
प्रमुख मांगो में समान वेतन समान कार्य लागू किया जाए तथा न्यूनतम वेतन ₹18,000 निर्धारित किया जाए। लंबे समय से कार्यरत NHM कार्मिकों का नियमितीकरण किया जाए।

रिक्त पदों पर स्थानांतरण की व्यवस्था लागू की जाए। कार्मिकों को EPF, ग्रेच्युटी एवं स्वास्थ्य बीमा सहित सामाजिक सुरक्षा का लाभ दिया जाए। आउटसोर्स कर्मियों का सेवा निगम/DHS में समायोजन किए जाने की मांग की गई है।
संघर्ष समिति ने बताया कि मांगों को लेकर 29 एवं 30 सितंबर को जनपद स्तर पर ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके बाद आंदोलन के अगले चरण में 01 अक्टूबर से डिजिटल स्ट्राइक एवं काली पट्टी बांधकर कार्य, 5, 6 एवं 7 अक्टूबर को प्रदर्शन तथा 8 अक्टूबर को लखनऊ चलो कार्यक्रम प्रस्तावित है। ज्ञापन कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री लवलेश यादव, प्रदेश मीडिया प्रभारी हिमांशु श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष राजेश यादव, जिला महामंत्री श्रीकांत, ब्लॉक अध्यक्ष बिषंडा सुजान सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष बबेरू राहुल, ब्लॉक अध्यक्ष नरैनी प्रियंका श्रीवास्तव सहित बंदना, पूनम, माधुरी, राहुल, संस्कार, अनिल, सुनीता, संगीता एवं प्रीति सहित बड़ी संख्या में ANM एवं NHM कर्मचारी उपस्थित रहे। संघर्ष समिति ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से मांगों को शासन स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने तथा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कार्यवाही कराने का अनुरोध किया।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


