जनपद बांदा।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को जनपद बाँदा की ग्राम पंचायत अदरी व ग्राम पंचायत गाजीपुर में ‘जन योजना अभियान एवं रिफॉर्म उत्सव’ के अंतर्गत विशेष ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
बैठक में प्रमुख योजनाओं पर हुई चर्चा एवं जागरूकता:-
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण): गाँव में स्वच्छता बनाए रखने तथा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर ग्रामीणों को प्रेरित किया गया।
जल जीवन मिशन: हर घर तक नल से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति और जल संरक्षण के उपायों की जानकारी दी गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण): आवास विहीन पात्र परिवारों को पक्के मकान की सुविधा व आवेदन से जुड़े दिशा-निर्देश साझा किए गए।
आयुष्मान भारत योजना: ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुरक्षा के तहत 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज हेतु आयुष्मान कार्ड बनवाने की जानकारी दी गई।
कृषि एवं किसान कल्याण: किसानों के हित में संचालित सरकारी योजनाओं तथा कृषि संबंधी सुविधाओं से ग्रामीणों को अवगत कराया गया।
जीपीडीपी (ग्राम पंचायत विकास योजना): गाँव के समग्र विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और आगामी प्राथमिकताओं को लेकर कार्ययोजना पर चर्चा की गई। बैठक में बड़ी संख्या में गाँव की महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने प्रतिभाग किया। उपस्थित अधिकारियों व पंचायत प्रतिनिधियों ने सभी पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पारदर्शी ढंग से पहुँचाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान ग्राम पंचायत अधिकारी विवेक कुमार, ग्राम प्रधान राधेश्याम, रोजगार सेवक एवं पंचायत सहायक सहित अन्य ग्रामीण लोग उपस्थित रहे।
Crime 24 Hours / Mitesh Kumar


