वृद्ध महिलाओं से आभूषण लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

हुसैनगंज पुलिस ने तीन घटनाओं का किया खुलासा, लूटी गई नाक की कील, नकदी और बाइक बरामद

फतेहपुर, ::- 01 अक्टूबर। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में थाना हुसैनगंज पुलिस ने वृद्ध महिलाओं को निशाना बनाकर आभूषण लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीन घटनाओं का खुलासा करते हुए लूटी गई नाक की कील, 2300 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर बेला मोड़ के पास चेकिंग के दौरान स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या UP71BE2671 पर सवार नईम पुत्र रफीक निवासी नट डेरा इस्लामनगर, थाना हथगांव को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लूट के 2300 रुपये नकद और एक OPPO मोबाइल बरामद हुआ।
पूछताछ में नईम ने पुलिस को बताया कि लूटी गई नाक की कील को उसने हथगांव कस्बे स्थित खुशी ज्वैलर्स में बेच दिया था। पुलिस ने दुकान पर पहुंचकर पीली धातु की नाक की कील बरामद की और जेवर खरीदने वाले गुरुप्रसाद सोनी पुत्र गंगासागर निवासी सेमरहा, थाना हथगांव को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता ने बरामद नाक की कील की पहचान अपनी लूटी गई संपत्ति के रूप में की।
तीन वारदातों का हुआ खुलासा
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में नईम ने अपने साथी जीशान और वारिस के साथ मिलकर तीन घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। आरोप है कि गिरोह सुनसान स्थानों पर अकेली वृद्ध महिलाओं को मोटरसाइकिल का पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाकर रोकता था और मौका पाकर उनके आभूषण लूट लेता था।
27 सितंबर 2026 को ग्राम तूरीपार स्थित पुराने पंचायत भवन के पास एक वृद्ध महिला से नाक की कील और कान की बाली लूटने का मामला सामने आया। इस संबंध में मु0अ0सं0 256/26 दर्ज है।
13 जून 2026 को ग्राम भलेवा में आम के बगीचे में सो रही वृद्ध महिला से नाक की कील, चांदी का लॉकेट और तोड़िया चोरी किए जाने की घटना हुई। इस संबंध में मु0अ0सं0 124/26 दर्ज है।
01 अप्रैल 2026 को थाना खखरेरू क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला को बाइक पर बैठाकर उसकी नाक की कील लूटने की घटना सामने आई। इस मामले में मु0अ0सं0 062/26, थाना खखरेरू में दर्ज है।
पुलिस के अनुसार बरामद 2300 रुपये में से 1000 रुपये मुकदमा संख्या 256/26, 700 रुपये मुकदमा संख्या 124/26 तथा 600 रुपये मुकदमा संख्या 062/26 थाना खखरेरू से संबंधित हैं। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अभियुक्त जीशान और वारिस की तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक कुंवर प्रखर सिंह, ईश्वरचन्द्र सहित थाना हुसैनगंज पुलिस टीम शामिल रही।