जनपद बांदा।
मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, बांदा में जिला वृक्षारोपण समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में वृक्षारोपण कार्यों की प्रगति, पौधरोपण स्थलों के सत्यापन तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। प्रभागीय वनाधिकारी, बांदा द्वारा वृक्षारोपण का भौतिक सत्यापन 10 प्रतिशत होने से अवगत कराया गया। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा समस्त विभागों को निर्देशित किया गया कि समस्त विभाग अपने-अपने वृक्षारोपण की सफलता पर विशेष ध्यान दें तथा मृत पौधों के स्थान पर नये जीवित पौधों का रोपण करें, ताकि जीवितता प्रतिशत मानक के अनुरूप बनी रहे।
मुख्य विकास अधिकारी, बांदा ने स्पष्ट किया कि सत्यापन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराते हुए अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी, बांदा द्वारा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एवं उ.प्र. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बांदा को बायो मेडिकल वेस्ट उचित तरीके से निस्तारित करने हेतु निर्देशित किया गया। इस पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि उनका मेडिकल वेस्ट बहुत कम निकलता है, अतः आवश्यकता नहीं है।
इसके अतिरिक्त जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जनपद में स्थित नदियों के 5 कि.मी. के अन्तर्गत जैविक खेती को बढ़ावा देने हेतु 50 ग्राम पंचायतें चिन्हित हैं। उक्त ग्राम पंचायतों की मैपिंग का कार्य पूर्ण करते हुए उगाई जाने वाली फसल का पूर्ण विवरण आगामी बैठक में प्रस्तुत करेंगे।
अधिशाषी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, खण्ड-1 द्वारा समिति को अवगत कराया गया कि विकास खण्ड-बिसण्डा में मार्ग के किनारे लगभग 1 कि.मी. में फैले हुए कूड़ा-कचरे को हटवाने हेतु अधिशाषी अधिकारी बिसण्डा को निर्देशित करने हेतु अनुरोध किया गया। उक्त के अनुपालन में अवगत कराया गया कि विभागीय सफाई नायक की सहमति से उसी की लगभग 02 बीघा निजी भूमि पर कूड़ा-कचरा का निस्तारण किया जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी, बांदा द्वारा समस्त अधिशाषी अधिकारी, नगर पालिका, नगर पंचायत बांदा को निर्देशित किया गया कि अधिक से अधिक छापेमारी कर प्लास्टिक जब्तीकरण एवं जुर्माना वसूलने की कार्यवाही की जाए। मुख्य विकास अधिकारी, बांदा द्वारा बंदरों को उचित स्थान पर छोड़ने के साथ-साथ कुत्तों को भी उचित स्थान पर छोड़ा जाए, जिससे आम जनमानस में डॉग बाइट की संभावना को कम किया जा सके। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


