जनपद बांदा।
जनता दल यूनाइटेड की राष्ट्रीय प्रवक्ता, बुंदेलखंड प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष शालिनी सिंह पटेल ने 24 नवंबर की रात करीब 11 बजे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। सबसे पहले उन्होंने इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया, जहां मरीजों की स्थिति सामान्य मिली। इसके बाद वह ऑर्थो विभाग पहुंचीं, जहां भर्ती मरीजों और तीमारदारों से बातचीत में ऑपरेशन के नाम पर हजारों रुपये वसूले जाने की गंभीर शिकायतें सामने आईं। किसी मरीज से 45 हजार, किसी से 25 हजार, किसी से 22 हजार, किसी से 11 हजार तो किसी से 10 हजार रुपये लिए जाने की बात सामने आई। शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि उनके पास इन शिकायतों से संबंधित वीडियो और साक्ष्य मौजूद हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकारी मेडिकल कॉलेज में गरीबों का इलाज भी अब हजारों रुपये दिए बिना संभव नहीं है क्या? सरकार डॉक्टरों को वेतन देती है, फिर ऑपरेशन के नाम पर गरीब मरीजों की जेब क्यों खाली कराई जा रही है? मरीजों और उनके परिजनों की हालत देखकर दिल रो उठता है, लेकिन अस्पताल के जिम्मेदारों के भीतर संवेदना क्यों नहीं जागती? उन्होंने जिलाधिकारी और मंडलायुक्त के निरीक्षण की व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही सूचना पहुंच जाती है, व्यवस्थाएं चमका दी जाती हैं और मरीजों को चुप रहने के लिए कहे जाने की शिकायतें मिलती हैं। आखिर निरीक्षण का उद्देश्य हकीकत जानना है या केवल कागजी व्यवस्था देखना? प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक, जिलाधिकारी और मंडलायुक्त से उन्होंने पूछा कि बार-बार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं होती? मेडिकल कॉलेज के बाद रात करीब साढ़े 12 बजे वह जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर पहुंचीं, जहां बाहर की दवाइयां और जांचें लिखे जाने की शिकायतें मिलीं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज से लेकर सीएचसी-पीएचसी तक गरीब जनता इलाज के लिए भटक रही है। यहां सांसदों, विधायकों और बड़े अधिकारियों के परिवार नहीं, बल्कि गरीब और ग्रामीण परिवार इलाज कराने आते हैं। कम से कम उनका तो ईमानदारी से इलाज कर दीजिए। जनता के टैक्स से बने अस्पतालों में गरीबों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


