मछली पकड़ने गया था, पैर फिसला और तालाब में डूब गया… सुबह तैरता मिला शव

 

खागा फतेहपुर

पुरईन के पक्का तालाब में गुरुवार शाम मछली पकड़ने गए युवक की डूबकर मौत हो गई। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे शव तालाब में तैरता मिला। शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुरेश (40) पुत्र राम अवतार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सुरेश गुरुवार शाम करीब चार बजे पुरईन स्थित पक्का तालाब के किनारे मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। देर शाम तक घर न लौटने पर स्वजन उसकी तलाश में जुटे रहे। शुक्रवार सुबह शौच के लिए गए ग्रामीणों ने तालाब में शव तैरता देखा। सूचना मिलते ही गांव में भीड़ जमा हो गई और परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी शांति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के परिवार में पत्नी शांति देवी के अलावा पुत्र गोलू (22), पुत्री सुनीता (26) और पुत्री खुशी (15) हैं। सुरेश ही परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था।
मंझिलगांव चौकी इंचार्ज विनोद सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट