खागा फतेहपुर ::- खागा क्षेत्र में सूजरही ओवरब्रिज पर गुरुवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्रयागराज की तरफ से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार का अचानक अगला टायर फट गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर दूसरे लेन में चली गई। इस दौरान कार ओवरब्रिज की बाउंड्री से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार चालक उछलकर नीचे सर्विस लेन पर जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राहुल सिंह यादव पुत्र श्री प्रकाश निवासी अल्लापुर, प्रयागराज के रूप में हुई है। वह वर्तमान में फतेहपुर में JI में कार्यरत था। हादसे के समय कार में उसके साथ शुभम कुमार पुत्र रंजीत निवासी शांतिनगर, फतेहपुर भी मौजूद था, जो इस दुर्घटना में सुरक्षित बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की 112 टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से मृतक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदो पहुंचाया गया।
हादसे में शामिल कार का नंबर UP 70 CJ 5114 बताया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
ब्यूरो रिपोर्ट


