पीडीए जन पंचायत में पूर्व कैबिनेट मंत्री ने सरकार पर साधा निशाना, बोले- किसान, नौजवान और व्यापारी परेशान

जनपद बांदा।

बांदा के पैलानी में अतिवृष्टि से तबाह ग्रामीण इलाकों में मुआवजे की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी ने सरकार पर निशाना साधा है।सोमवार को तिंदवारी विधानसभा क्षेत्र के जसपुरा ब्लॉक अंतर्गत सबादा गांव के पियासी डेरा में आयोजित पीडीए जन पंचायत में सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री विशंभर प्रसाद निषाद ने कहा कि बारिश से जिन लोगों के घर गिरे हैं और जिन किसानों की तिल व मूंग की फसल बर्बाद हुई है, उनका तत्काल सर्वे कराया जाए।उन्होंने प्रभावित परिवारों और किसानों को मुआवजा देने की मांग की। निषाद ने कहा कि अतिवृष्टि ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई परिवारों के सामने घर बचाने और फसल बचाने का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे समय में सरकार को कागजी कार्रवाई में समय गंवाने के बजाय मौके पर सर्वे कराकर पीड़ितों को राहत देनी चाहिए।

‘किसान खाद के लिए परेशान,युवाओं को नौकरी नहीं’:

पूर्व कैबिनेट मंत्री ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से किसान, नौजवान और व्यापारी परेशान हैं। उन्होंने महंगाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आम आदमी पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। किसानों को खाद उपलब्ध कराने में सरकार विफल है और बेरोजगार युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। उन्होंने एथेनॉल मिश्रण को लेकर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इससे आम लोगों के वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है। राम मंदिर चंदा प्रकरण का जिक्र करते हुए भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए और कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े किए। हालांकि इस मामले में चंपत राय के खिलाफ दर्ज एफआईआर में उनका नाम शामिल नहीं होने और बाद की SIT जांच में उन्हें क्लीन चिट दिए जाने की सार्वजनिक रिपोर्टें सामने आ चुकी हैं।

‘सपा सरकार बनी तो 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा’:

जन पंचायत में निषाद ने आगामी समय में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कई घोषणाएं लागू करने का दावा किया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने, महिलाओं को प्रतिवर्ष 40 हजार रुपये अनुदान देने और बेरोजगार युवाओं को नौकरी देने की दिशा में काम किया जाएगा।उन्होंने लोगों से समाजवादी पार्टी को समर्थन देने का आह्वान किया।

ग्रामीणों की समस्याओं पर भी हुई चर्चा:

पीडीए जन पंचायत में क्षेत्र के ग्रामीणों ने बारिश और फसल नुकसान के साथ स्थानीय समस्याओं को भी उठाया। कार्यक्रम में सपा नेता पुष्पेंद्र सिंह चुनाले समेत रामकरण निषाद, चंद्रभान निषाद, फूलचंद निषाद, ब्रजेश यादव, रामखेलावन निषाद, रशपाल निषाद, रामबली निषाद, रामनिहाल निषाद, आशीष निषाद, करन कश्यप, इम्तियाज खान, जितेंद्र वाल्मीकि, मुस्तकीम अहमद, मोहम्मद यूनुस सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट