राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान के मामले में कार्रवाई की मांग, जेडीयू ने दिया सांकेतिक धरना

जनपद बांदा।

राष्ट्रीय ध्वज की कथित अवमानना और उपेक्षा के मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष पिंकी प्रजापति के नेतृत्व में सोमवार को अशोक लाट तिराहे पर सांकेतिक धरना दिया गया। धरना प्रदर्शन के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने नरैनी के खंड विकास अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के सीएलएफ भवन की छत पर राष्ट्रीय ध्वज को कथित रूप से दयनीय और उपेक्षित अवस्था में पाए जाने के वायरल मामले को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है तथा इसके सम्मान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। सांकेतिक धरने के बाद नगर मजिस्ट्रेट स्वयं धरना स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लिया। जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन में वायरल प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर राष्ट्रीय ध्वज की कथित अवमानना के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की गई। इस दौरान जेडीयू की प्रदेश उपाध्यक्ष शालिनी सिंह पटेल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवीन्द्र नाथ गुप्ता, जिलाध्यक्ष उमाकांत सविता, काशी प्रसाद, भरत लाल कुशवाहा, श्रीराम प्रजापति, ज्योति मौर्या, सद्दाम खान, बिहारी लाल, शुभांगी गुप्ता, धर्मेंद्र कुमार समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट