वर्षा एवं संभावित बाढ़ के दृष्टिगत प्रशासन पूरी तरह सजग एवं सतर्क, जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : आयुक्त अजीत

जनपद बांदा।

आयुक्त, चित्रकूटधाम मण्डल, बाँदा अजीत कुमार ने मण्डल में वर्तमान में हो रही वर्षा एवं संभावित बाढ़ की स्थिति के दृष्टिगत मण्डल के समस्त जनपदों के अधिकारियों को पूर्ण सजगता एवं सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा एवं आमजन को समय से राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने पदीय दायित्वों का सम्यक निर्वहन करते हुए किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूर्व से आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखें। आयुक्त ने समस्त जिलाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ एवं जलभराव की सम्भावना वाले क्षेत्रों की निरंतर निगरानी रखी जाए तथा राजस्व, पुलिस, सिंचाई, स्वास्थ्य, पंचायतीराज, नगर निकाय, विद्युत, जल निगम, पशुपालन, खाद्य एवं रसद सहित सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। संवेदनशील क्षेत्रों में अधिकारियों की ड्यूटी एवं भ्रमण सुनिश्चित करते हुए स्थानीय परिस्थितियों पर सतत निगरानी रखी जाए।

उन्होंने निर्देशित किया कि नदी, नालों एवं अन्य जलस्रोतों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जाए तथा जलस्तर में वृद्धि की स्थिति में संबंधित क्षेत्रों के लोगों को समय से आवश्यक सूचना उपलब्ध कराई जाए। बाढ़ चौकियों, राहत शिविरों एवं बचाव से संबंधित व्यवस्थाओं को सक्रिय रखा जाए तथा आवश्यकतानुसार नाव, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, खाद्यान्न, दवाओं एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि वर्षा एवं जलभराव के दृष्टिगत सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर आवश्यक दवाओं, ओआरएस, क्लोरीन आदि की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए तथा चिकित्सकीय टीमों को आवश्यकतानुसार क्षेत्र में भ्रमण के लिए तैयार रखा जाए। जलजनित एवं संक्रामक बीमारियों की रोकथाम हेतु स्वच्छ पेयजल एवं स्वच्छता के संबंध में जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।

उन्होंने नगर निकाय एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलभराव वाले स्थानों पर जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नालियों एवं जल निकासी मार्गों की सफाई कराते हुए पानी के सुचारू प्रवाह की व्यवस्था रखी जाए। ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कार्यवाही की जाए। विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि वर्षा के दौरान विद्युत सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए। क्षतिग्रस्त विद्युत पोल, तार अथवा अन्य विद्युत उपकरणों की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल आवश्यक कार्यवाही की जाए तथा जनसामान्य की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। आमजन से भी अपील की गई कि टूटे हुए विद्युत तार अथवा विद्युत उपकरणों के संपर्क में न आएं और ऐसी किसी भी स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें।

आयुक्त ने जनसामान्य से अपील की है कि वर्षा एवं संभावित बाढ़ के दौरान सजग एवं सतर्क रहें, प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी एवं आवश्यक निर्देशों का पालन करें तथा नदी, नाले एवं तेज बहाव वाले जल क्षेत्रों के समीप अनावश्यक रूप से न जाएं। बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें तथा आवश्यकता होने पर प्रशासन द्वारा स्थापित राहत एवं सुरक्षित स्थानों पर जाने में सहयोग करें।उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा केवल अधिकृत एवं विश्वसनीय माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर ही विश्वास करें। किसी आकस्मिक स्थिति अथवा सहायता की आवश्यकता होने पर तत्काल संबंधित तहसील, थाना, जिला प्रशासन अथवा निर्धारित आपातकालीन सेवा को सूचना दें।

आयुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे क्षेत्र में निरंतर भ्रमण एवं स्थलीय अनुश्रवण करते रहें तथा प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।किसी भी विभागीय स्तर पर समस्या उत्पन्न होने पर आपसी समन्वय से तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्षा एवं संभावित बाढ़ के दौरान प्रशासन, विभागीय अधिकारियों एवं आमजन के समन्वित प्रयासों से जनसुरक्षा एवं आवश्यक सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित की जाएगी। अन्त में आयुक्त ने मण्डलवासियों से अपील की कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और प्रशासन का सहयोग करें। प्रशासन प्रत्येक परिस्थिति में आमजन के साथ है। सभी अधिकारी पूर्ण संवेदनशीलता, तत्परता एवं प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए यह सुनिश्चित करें कि वर्षा एवं संभावित बाढ़ के कारण जनसामान्य को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट