संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती कलश वंदन यात्रा में शामिल हुए सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी

जनपद बांदा।

बाँदा में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ के अंतर्गत बाँदा सदर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर आयोजित ‘कलश वंदन यात्रा’ में सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने सहभागिता की। इस अवसर पर खुरहंड, छिंबाव, नाई, मकरी, सिकलोढ़ी, बिसंडा, पवई, बिलगांव, तिंदवारा, बड़ोखर, पैगंबरपुर, गिरवां, अर्जुनाह एवं शिवहद सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा श्रद्धा और उत्साह के साथ कलश वंदन यात्रा निकाली गई।

सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी ने समाज को समानता, भाईचारे, मानवता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनका जीवन और विचार आज भी हम सभी को भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट होकर राष्ट्र एवं समाज की सेवा करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि ‘समरसता संकल्प अभियान’ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संकल्प है। गुरु रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुँचाना हम सभी का दायित्व है।

कलश वंदन यात्राओं में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, मातृशक्ति, युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता का वातावरण दिखाई दिया। “संत रविदास जी का संदेश—समरस समाज, सशक्त समाज और एकजुट समाज।” इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष राज भवन उपाध्याय, भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष संतोष नायक, मंडल अध्यक्ष बिसंडा विनय कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar