जनपद बांदा
बांदा के सहकारी समिति कमासिन में खाद लेने पहुंचे सैकड़ों किसानों को शनिवार को खाद का वितरण नहीं होने के कारण मायूसी का सामना करना पड़ा और उल्टे पाँव लौटना पड़ा। किसानों ने समिति कर्मचारियों पर खाद वितरण में लापरवाही और उन्हें परेशान करने का आरोप लगाते हुए विभागीय अधिकारियों से शिकायत की है। किसानों का कहना है कि इस समय धान की फसल के लिए डीएपी और यूरिया खाद की अत्यधिक आवश्यकता है। खाद के लिए किसान इधर-उधर भटक रहे हैं। बताया गया कि सहकारी समिति कमासिन में पिछले सप्ताह विभाग की ओर से डीएपी और यूरिया की आपूर्ति की गई थी, लेकिन किसानों को समय पर खाद का वितरण नहीं किया गया।किसान बृजेंद्र कुमार द्विवेदी, मनोज द्विवेदी कोशिगिन, आनंद तिवारी और दयानंद सहित अन्य किसानों ने बताया कि समिति सचिव ने शनिवार को खाद वितरण किए जाने की जानकारी दी थी। इसके चलते सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान समिति कार्यालय पहुंच गए और खाद का टोकन लेने के लिए लंबी कतार लग गई। किसानों की भारी भीड़ की जानकारी मिलने पर समिति सचिव ने दूरभाष के माध्यम से खाद का वितरण शनिवार के बजाय आगामी मंगलवार को किए जाने की बात कही। खाद नहीं मिलने से तमाम किसानों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। वहीं ग्रामीण किसानों ने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक से शिकायत कर आरोप लगाया कि पहले शनिवार को खाद वितरण की बात कही गई थी, लेकिन अब मंगलवार को वितरण करने की बात कही जा रही है। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने तत्काल खाद वितरण कराए जाने की मांग की है। वहीं, समिति सचिव जयचंद्र ने बताया कि तबीयत ठीक नहीं होने के कारण शनिवार को खाद का वितरण नहीं हो सका। मंगलवार को खाद का वितरण किया जाएगा। सहायक निबंधक ने किसानों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच और कार्यवाई का आश्वासन दिया है ।साथ ही अभिलंब खाद वितरण कराने के निर्देश दिए।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


