अभियोजन कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, दोषियों के विरुद्ध प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करें : डीएम अमित आसेरी

जनपद बांदा।

बांदा जनपद में अभियोजन कार्यों की प्रगति एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी बांदा अमित आसेरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन महत्वपूर्ण मामलों की अद्यतन स्थिति, अभियोजन की प्रगति, दोषसिद्धि की दर तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियोजन कार्य न्याय व्यवस्था का अत्यंत महत्वपूर्ण अंग है तथा अपराधियों को समयबद्ध एवं विधिसम्मत दंड दिलाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक महत्वपूर्ण व संवेदनशील प्रकरण में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए तथा साक्ष्यों एवं अभिलेखों का समय से न्यायालय में प्रस्तुतिकरण किया जाए, जिससे दोषियों को शीघ्र सजा दिलाई जा सके।

उन्होंने अभियोजन अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण पैरवी सुनिश्चित करें तथा किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही न बरती जाए। न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के लिए पुलिस, अभियोजन एवं संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में गंभीर अपराधों, महिला एवं बाल अपराध, पॉक्सो अधिनियम तथा अन्य महत्वपूर्ण प्रकरणों की अलग-अलग समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे मामलों में विशेष प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दोषसिद्धि दर बढ़ाने के लिए प्रत्येक स्तर पर प्रभावी रणनीति अपनाने और नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), पुलिस विभाग, अभियोजन विभाग तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट