मईल पुलिस ने गोवंश तस्करी गिरोह का किया पर्दाफाश, दो तस्कर गिरफ्तार, चार गोवंश व बाइक बरामद

देवरिया जनपद में अवैध गो-तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मईल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो गो-तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चार गोवंशीय पशु, बिना नंबर प्लेट की एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल, लोहे का चापड़ तथा लकड़ी का ठेहा बरामद किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील सिंह तथा क्षेत्राधिकारी बरहज राजेश चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना मईल पुलिस 27/28 जुलाई की रात संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने देवरहवा बाबा तपस्थली (मचान) नदी किनारे दबिश देकर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दिनेश उर्फ नान्हू राजभर (45 वर्ष) पुत्र स्व. रामचीन राजभर तथा नीरज कुमार (26 वर्ष) पुत्र मोहन प्रसाद, निवासी नरसिंहडाड़, थाना मईल, जनपद देवरिया के रूप में हुई है।

पुलिस ने मौके से चार गोवंशीय पशु, बिना नंबर प्लेट की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल, एक सफेद झोले से लोहे का चापड़ एवं लकड़ी का ठेहा बरामद किया। इस संबंध में थाना मईल में मु0अ0सं0-139/2026 के तहत धारा 3/5A/8 गोवध निवारण अधिनियम एवं धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

पूछताछ में 8-9 सदस्यीय गिरोह का खुलासा

पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने बताया कि वे 8-9 सदस्यीय गिरोह के साथ मिलकर खुले में घूम रहे गोवंशीय पशुओं को पकड़कर नदी किनारे लाते थे। इसके बाद नाव के माध्यम से उन्हें बिहार ले जाकर औने-पौने दामों में बेच देते थे और प्राप्त धनराशि आपस में बांट लेते थे।

पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किए जाने की संभावना है।