देवरिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया द्वारा आगामी 1 अगस्त 2026 को रैनाथ ब्रम्हादेव महाविद्यालय, सलेमपुर में विशेष विधिक सेवा शिविर एवं लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य विस्थापित अनुसूचित जनजाति, वनवासी तथा समाज के कमजोर वर्गों को उनके कानूनी अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना तथा लंबित मामलों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण कराना है।
यह आयोजन जनपद न्यायाधीश धनेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती अर्चना के नेतृत्व में किया जा रहा है। शिविर में भारतीय वन अधिनियम-1927, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972, वन अधिकार अधिनियम-2006, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) से संबंधित लंबित मामलों के निस्तारण का प्रयास किया जाएगा, जिससे पात्र लोगों को सुलभ एवं शीघ्र न्याय मिल सके।
कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा एक विशेष प्रचार वाहन भी उपलब्ध कराया गया है। यह वाहन 27 जुलाई से 1 अगस्त 2026 तक सलेमपुर क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं कस्बों में भ्रमण कर लोगों को विधिक सेवा शिविर एवं लोक अदालत के प्रति जागरूक कर रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती अर्चना ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि वन एवं अन्य मामलों से जुड़े लंबित प्रकरणों के पक्षकार इस विशेष लोक अदालत के माध्यम से अपने मामलों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण कराकर निःशुल्क विधिक सहायता तथा सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।


