खखरेरू /फतेहपुर ::- थाना क्षेत्र के रक्षपालपुर स्थित बालाजी मंदिर के पास तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की टक्कर से साइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने घायल युवक को तत्काल नजदीकी निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में भी स्थिति नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे कानपुर के लिए रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गुरगौला गांव निवासी जय राम सिंह पुत्र स्वर्गीय बाबूलाल सिंह 13 मार्च की शाम करीब पांच बजे साइकिल से किसी आवश्यक कार्य से रक्षपालपुर चौराहा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह चौराहा से पहले स्थित बालाजी मंदिर के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार कार (नंबर UP 32 NZ 3576) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि जय राम सिंह सड़क किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को पहले एक निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया। हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने भी उन्हें कानपुर रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायल के भाई वासुदेव सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि कार चालक पिंटू केसरवानी निवासी हिनौता, जनपद कौशांबी तथा उसके सहयोगी अतुल कुमार से जब इलाज में सहयोग की बात की गई तो उन्होंने मदद करने के बजाय गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
इस संबंध में थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ब्यूरो रिपोर्ट



