आकाशवाणी एफएम रेडियो, बांदा के प्रसारण समय और कवरेज बढ़ाने की उठी मांग

जनपद बांदा।

आकाशवाणी एफएम रेडियो, बांदा के प्रसारण समय में वृद्धि तथा उसकी प्रसारण क्षमता (कवरेज) बढ़ाए जाने की मांग को लेकर सपा के जिला मीडिया प्रभारी/प्रवक्ता प्रमोद गुप्ता ने सांसद, बांदा को एक ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में आकाशवाणी एफएम रेडियो, बांदा का प्रसारण केवल दोपहर 12:00 बजे से रात्रि 11:00 बजे तक संचालित होता है, जिसके कारण प्रातःकालीन समय में किसान, विद्यार्थी, वरिष्ठ नागरिक एवं अन्य श्रोता समाचार, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का लाभ नहीं ले पाते हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि एफएम रेडियो की वर्तमान प्रसारण क्षमता सीमित होने के कारण इसका स्पष्ट प्रसारण मुख्यतः बांदा नगर तक ही सीमित है। जनपद के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लाखों श्रोता इस महत्वपूर्ण जनसंचार सेवा से वंचित रह जाते हैं। ज्ञापन के माध्यम से सांसद से अनुरोध किया गया है कि वे सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से आकाशवाणी एफएम रेडियो, बांदा का प्रसारण समय प्रातः 6:00 बजे से रात्रि 12:00 बजे तक किए जाने तथा ट्रांसमीटर की क्षमता बढ़ाकर पूरे जनपद बांदा एवं आसपास के क्षेत्रों तक स्पष्ट प्रसारण सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक पहल करें। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि यह मांग पूरी होती है तो किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं आमजन को समाचार, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समय पर प्राप्त होगी। साथ ही स्थानीय संस्कृति और जनसंचार व्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट