दान पात्र का धन वापस मिलने पर श्री हनुमान मंदिर में हुआ भव्य धार्मिक आयोजन

जनपद बांदा।

बांदा जनपद के कमासिन थाना क्षेत्र के ग्राम बीरा स्थित श्री हनुमान मंदिर के दान पात्र से चोरी हुए धन के वापस मिलने पर शनिवार को रामलीला समिति एवं सनातन प्रेमियों द्वारा श्री हनुमान जी महाराज से क्षमा याचना एवं ग्राम के सुख-समृद्धि की कामना के लिए भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। रामलीला समिति के अध्यक्ष विजय मिश्रा, अभिषेक त्रिपाठी एवं अन्य सहयोगियों के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में श्री हनुमान जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना, सुंदरकांड पाठ, हवन एवं महाआरती संपन्न कराई गई। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंडित राजेश त्रिपाठी ने सभी धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन किया। इसके बाद कन्या पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धापूर्वक कन्याओं के चरण पखारकर उन्हें भोजन कराया गया तथा प्रत्येक कन्या को दक्षिणा स्वरूप 10-10 रुपये भेंट किए गए। भंडारे में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ प्राप्त किया। रामलीला समिति के कोषाध्यक्ष सत्यम मिश्रा ने बताया कि कुछ दिन पूर्व मंदिर के दान पात्र से अज्ञात चोरों द्वारा लगभग 4,000 रुपये चोरी कर लिए गए थे। धन वापस मिलने तथा श्रद्धालुओं द्वारा प्राप्त दान के उपरांत समस्त ग्रामवासियों के कल्याण, सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना करते हुए श्री हनुमान जी महाराज से क्षमा याचना की गई। इस अवसर सौरभ मिश्रा, विनीत त्रिपाठी, सौरभ त्रिपाठी, विनय गौतम, कल्लू मिश्रा, योगेन्द्र सिंह, पुष्पेन्द्र सिंह, भीषण सिंह, शरवेश सिंह, जितेन्द्र सिंह, प्रियांशु सिंह, जागेश्वर सिंह, जुगेंद्र सिंह, रमेश गुप्ता प्रभंजन गुप्ता, बलबीर यादव सहित गांव के अनेक गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar