Breaking News उत्तर प्रदेश फतेहपुर

सत्तारूढ़ पार्टी के आगे नहीं चल सका सपा के प्रत्यासी का जादू

अब पप्पू भी हुए पास
जिला पंचायत चुनाव –
– पत्नी के बाद भाजपा के सिंबल से अध्यक्ष बने अभय प्रताप सिंह
– सत्तारूढ़ पार्टी के आगे नहीं चल सका सपा के प्रत्यासी का जादू
– 46 में 41 सदस्यों का समर्थन हासिल कर बने जिले के पहले नागरिक
फतेहपुर।
जिला पंचायत चुनाव ने एक बार फिर सत्ता रूढ़ पार्टी का सिक्का चला। भाजपा ने फिर से जिले की सबसे बड़ी कुर्सी पर कब्जा जमा लिया। भाजपा उम्मीदवार अभय प्रताप सिंह उर्फ पप्पू भैया के गले में जीत की माला पड़ी। इससे पहले इस खास सियासी कुर्सी का प्रतिनिधित्व, नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष की पत्नी निवेदिता सिंह के पास रहा। इस पूरे चुनाव में सपा प्रत्याशी संगीता राज पासवान पिछले पायदान पर खड़ी नजर आई।

46 सदस्य वाली जिले की सबसे बड़ी कैबिनेट के चुनाव में पुलिस और प्रशासन को कुछ खास मशक्कत नहीं करनी पड़ी। वीकेंड कर्फ्यू के कारण जिला मुख्यालय में समर्थकों का जमावड़ा नहीं लग सका। केंद्रीय राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति एक मैरिज हॉल से चुनावी सरगर्मी से वाकिफ होती रहीं। सुबह 10:00 बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया दोपहर 12:00 बजे तक खामोश रही। 12:30 बजे के बाद मतदाताओं का आना शुरू हुआ। दोपहर 1:15 बजे तक 41 सदस्यों ने वोट किया। दोपहर 2:00 बजे के बाद शेष पांच सदस्य जिले का पहला मुखिया चुनने को पहुंचे। इस तरह से सारे सदस्यों ने अपना वोट किया। यह दीगर रहा कि पूरे चुनाव से रोचकता नदारद रही। सिर्फ एकतरफा जीत के कयास पर चर्चा होती रही। मतदान प्रक्रिया के आधे घंटे बाद जैसे ही चुनाव परिणाम घोषित किया गया। भाजपा खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई।नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह को बधाई देने के लिए मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष आशीष कुमार मिश्र, केंद्रीय राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, राज्यमंत्री राघवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी भैया, बिंदकी विधायक करण सिंह पटेल, जिला प्रभारी प्रकाश शर्मा भी मौजूद रहे। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में 41 मत पड़े। जबकि सपा प्रत्याशी को सिर्फ 5 मतों से संतोष करना पड़ गया।
….
इनसेट..
ब्लैक कमांडो की निगरानी में मतदान
फतेहपुर। जिला पंचायत चुनाव के मतदान में पूरी सतर्कता बरती गई। कलेक्ट्रेट एरिया को छावनी में तब्दील कर दिया गया। डीएम अपूर्वा दुबे की मतदान और मतगणना प्रक्रिया पर सीधी नजर रही।
एसपी सतपाल अंतिल, ब्लैक कमांडो के साथ मतदान और मतगणना स्थल के क्रियाकलापों को वॉच करते नजर आए। एसडीएम प्रमोद झा भी चुनावी प्रक्रिया को लेकर संजीदा देखे गए।
…….
इनसेट…
लंबे समय बाद नरसिंह विहीन होगी कैबिनेट
फतेहपुर। जिला पंचायत की राजनीति में नरसिंह पटेल की इस बार बहस सुनने को नहीं मिलेगी। चार कार्यकाल में नरसिंह पटेल जिले से जिला पंचायत सदस्य चुने गए। दो दशक की लंबी जिला पंचायत की सटीक राजनीति करने वाले इस सियासी चेहरे की कमी शनिवार को कलेक्ट्रेट में महसूस की जाती रही।
…..
इनसेट..
मिला साथ, बनी बात
फतेहपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव जीतने वाले अभय प्रताप सिंह को सभी का साथ मिला। कांग्रेस से डीडीसी का चुनाव जीते पांच सदस्य, भाजपा के साथ खड़े नजर आए। और तो और जिला पंचायत में इस बार सपा के सात प्रत्याशी जीते। चूंकि सपा प्रत्याशी को सिर्फ पांच वोट मिले हैं। दो सपा समर्थित प्रत्याशी भी भाजपा के साथ चले गए।

फतेहपुर से ब्यूरो रोहित सिंह चौहान की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!