जनपद बांदा।
जनपद के प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, निर्माण कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, बीज वितरण एवं खाद की उपलब्धता की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसानों को खाद, बीज एवं अन्य कृषि निवेश समय से उपलब्ध कराएं और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि किसानों को परेशानी न हो। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में जिला अस्पताल सहित सीएचसी एवं पीएचसी में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। पूर्ण एवं पूर्णता के करीब पहुंचे निर्माण कार्यों की सूची तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराने तथा जनप्रतिनिधियों के माध्यम से पूर्ण कार्यों का लोकार्पण और नए कार्यों का शिलान्यास कराने के निर्देश भी दिए गए।
जल जीवन मिशन के कार्यों की नियमित समीक्षा के निर्देश:
जल जीवन मिशन एवं पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी को योजना के कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा गुणवत्ता एवं प्रगति पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। जल शक्ति विभाग के राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने जल संस्थान की पुरानी पानी की टंकियों से पूर्व की तरह जलापूर्ति जारी रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन की नई व्यवस्था के चलते पुरानी जलापूर्ति प्रभावित नहीं होनी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट न उत्पन्न हो तथा योजना के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों का रेस्टोरेशन कार्य भी पूरा कराया जाए।
गोवंश संरक्षण और शीतकालीन व्यवस्थाओं पर जोर:
पशुपालन विभाग की समीक्षा में निराश्रित गोवंश को अभियान चलाकर शीघ्र गौशालाओं में संरक्षित करने के निर्देश दिए गए। सर्दी को देखते हुए गौशालाओं में गोवंश के लिए चारा, पानी, आश्रय एवं ठंड से बचाव की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया। गोवंश के शवों का सम्मानजनक ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने तथा सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर छुट्टा गोवंश दिखाई न देने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
भूरागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में पेयजल समस्या का समाधान जल्द:
भूरागढ़ औद्योगिक क्षेत्र के व्यापारियों ने पेयजल आपूर्ति न होने की समस्या उठाई। जिलाधिकारी ने बताया कि पानी की टंकी निर्माण के लिए प्रस्ताव यूपीसीडा को भेजा गया है। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में जल्द पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की समीक्षा में जनपद के प्रमुख धार्मिक एवं आस्था स्थलों के पहुंच मार्गों को बेहतर बनाने, साफ-सफाई और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को आवागमन में परेशानी न हो। खाद्य एवं रसद विभाग के अंतर्गत निर्मित मॉडल अन्नपूर्णा भवनों का लोकार्पण भी जनप्रतिनिधियों के माध्यम से शीघ्र कराने को कहा गया।
सरकारी नलकूपों पर ट्रांसफार्मर और खराब सड़कों की मरम्मत का मुद्दा उठा:
राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने किसानों की सिंचाई सुविधा को देखते हुए सरकारी नलकूपों पर ट्रांसफार्मर की समुचित व्यवस्था कराने का मुद्दा उठाया। नरैनी विधायक ओम मणि वर्मा ने अतर्रा चौराहे से ओरन चौराहे तक सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने तथा जनपद की खराब सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने की मांग रखी।
पुलिस को सम्मानजनक व्यवहार और प्रभावी गश्त के निर्देश:
कानून व्यवस्था की समीक्षा में प्रभारी मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को आमजन के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने, अनावश्यक एवं गलत चालान न करने तथा किसी भी नागरिक के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार ऐसा होना चाहिए जिससे जनता में विश्वास कायम रहे। इस प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक से पूर्व प्रभारी मंत्री ने वर्चुअल माध्यम से जनपद के सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, नियमित गश्त एवं जनता से सीधा संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस क्षेत्राधिकारियों और उप जिलाधिकारियों को कानून व्यवस्था मजबूत रखने तथा पुलिस एवं जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्रीय समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने को कहा गया। सभी एसडीएम को विकास कार्यों की नियमित समीक्षा, जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण तथा राजस्व मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी अमित आसेरी ने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा और गुणवत्ता के अनुरूप पूर्ण कराए जाएंगे। बैठक में राज्यमंत्री रामकेश निषाद, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, नरैनी विधायक ओम मणि वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत, जिलाधिकारी अमित आसेरी सहित जनप्रतिनिधि एवं जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


