केन महाआरती में दो गंदे नालों को बंद कराने और POP मूर्तियों पर रोक के लिए गंगा समग्र ने लिया विशेष संकल्प

जनपद बांदा।

बांदा में मंगलवार को विश्व नदी दिवस के पावन अवसर पर गंगा समग्र, कानपुर प्रांत एवं विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा प्रकोष्ठ, जिला बांदा के संयुक्त तत्वावधान में केन नदी घाट पर 108 दीपों से माँ केन की भव्य महाआरती एवं स्वच्छता शपथ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला संयोजक एवं जिलाध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति ने किया। इस दौरान घाट पर उपस्थित सैकड़ों कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं को माँ केन को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।

इस दौरान महाआरती के बाद हुई विशेष बैठक में दो प्रमुख मुद्दों पर विशेष चर्चा कर आंदोलन की चेतावनी दी गई जिसके अंतर्गत कार्यकर्ताओं ने बताया कि शहर के दो बड़े नाले सीधे माँ केन में गिर रहे हैं, जिससे पूरा नदी का पानी नाले में बदल रहा है। नगर पालिका द्वारा नाले को टैप करने का कोई कार्य नहीं किया गया है। गंगा समग्र ने निर्णय लिया है कि इसके लिए “नाला बंद करो – केन बचाओ” विशेष अभियान चलाया जाएगा और यदि शीघ्र नाले बंद नहीं हुए तो जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना दिया जाएगा। वहीं बैठक में दूसरा मुद्दा यह उठा कि नवरात्रि के नाम पर बाजार में प्रतिबंधित प्लास्टर ऑफ पेरिस (POP) की मूर्तियां धड़ल्ले से बनाई और बेची जा रही हैं। NGT और CPCB द्वारा प्रतिबंध के बाद भी जिला प्रशासन मौन है। संगठन ने चेतावनी दी कि POP की मूर्तियां बेचने वाले मूर्तिकारों और दुकानदारों पर कार्रवाई हो और मिट्टी की मूर्तियों को बढ़ावा दिया जाए।

इस अवसर पर महेश कुमार प्रजापति ने कहा कि आज हमने माँ केन की आरती ही नहीं, उसकी रक्षा की शपथ भी ली है। एक तरफ शहर के दो गंदे नाले माँ केन को नाला बना रहे हैं, दूसरी तरफ POP की मूर्तियां उसके गर्भ को जहर बना रही हैं। आस्था के नाम पर नदी को मारना बंद होना चाहिए। गंगा समग्र अब सिर्फ आरती नहीं करेगा, अब आर-पार की लड़ाई करेगा। हमारा विशेष अभियान शुरू होगा – जब तक नाले बंद नहीं होंगे और POP बंद नहीं होगा, हम चुप नहीं बैठेंगे।”

इस अवसर पर कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला महामंत्री राकेश कुमार त्रिपाठी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश कुमार धुरिया, जिला उपाध्यक्ष संजय ककोनिया, जिला प्रवक्ता लोहा सिंह, जिला मंत्री विनय कुमार गुप्ता विकी, जिला प्रचार मंत्री रजनीश प्रजापति सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar