12वें दीक्षांत समारोह से पूर्व बांदा कृषि विश्वविद्यालय में दीक्षोत्सव 2026 का शुभारंभ

जनपद बांदा।

बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, बांदा में 12 अगस्त, 2026 को प्रस्तावित 12वें दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में दीक्षोत्सव–2026 का आयोजन 6 से 10 अगस्त तक किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को उद्यान महाविद्यालय के सम्मेलन कक्ष में दीक्षोत्सव का शुभारंभ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सुरेंद्र कुमार सिंह तथा अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इसके उपरांत अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अजीत सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें पौधा भेंट कर सम्मानित किया तथा स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। इसके पश्चात दीक्षोत्सव–2026 के समन्वयक डॉ. धीरज मिश्रा ने दीक्षोत्सव की रूपरेखा, उद्देश्यों एवं आगामी दिनों में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।

अपने प्रेरक संबोधन में मुख्य अतिथि प्रो. सुरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि दीक्षोत्सव केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की संस्कृति, परंपराओं, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों से परिचित कराने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं खेलकूद गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास, संवाद कौशल तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करते हैं, जो उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय की गरिमा एवं परंपराओं को बनाए रखते हुए अपने ज्ञान, प्रतिभा और नैतिक मूल्यों के बल पर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान देने का आह्वान किया तथा दीक्षोत्सव की सभी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

दीक्षोत्सव के प्रथम दिवस भाषण एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में कृषि महाविद्यालय के विवेक गांधी ने प्रथम, कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय के अनुज यादव ने द्वितीय तथा उद्यान महाविद्यालय के पुष्पेंद्र ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। दीक्षोत्सव के दूसरे दिन पोस्टर मेकिंग एवं स्वरचित काव्य पाठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। उद्घाटन समारोह में अधिष्ठाता कृषि प्रो जी एस पंवार, अधिष्ठाता उद्यान प्रो एस वी द्विवेदी, अधिष्ठाता वानिकी प्रो संजीव कुमार तथा सह अधिष्ठाता पशु चिकित्सा विज्ञान डॉ शैलेन्द्र कुमार चौरसिया भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. पूनम पाण्डेय, सहायक अधिष्ठाता छात्र कल्याण ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ उद्घाटन समारोह का समापन हुआ। दीक्षोत्सव–2026 के अंतर्गत आगामी दिनों में विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, खेलकूद एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित विविध प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, रचनात्मकता, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना तथा विश्वविद्यालय के प्रति अपनत्व का विकास करना है, जिससे वे अपने शैक्षणिक जीवन के साथ-साथ सामाजिक एवं राष्ट्रीय उत्तरदायित्वों के निर्वहन के लिए भी स्वयं को तैयार कर सकें।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट