दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की पहल, बबेरू ब्लॉक शिविर में दिव्यांगजनों ने कराया आवेदन

जनपद बांदा।

बांदा में दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को बबेरू ब्लॉक परिसर में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, जनपद बांदा की ओर से विशेष कार्यक्रम एवं आवेदन शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के दिव्यांगजनों को विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों से विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन प्राप्त किए गए। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना, करेक्टिव सर्जरी, दिव्यांग पेंशन, दुकान निर्माण एवं संचालन योजना तथा दिव्यांग शादी-विवाह प्रोत्साहन योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिव्यांगजनों को योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी उपलब्ध कराई।

शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन अपनी समस्याओं और जरूरतों को लेकर पहुंचे। विभाग की ओर से मौके पर ही आवेदन प्रक्रिया पूरी कराने का प्रयास किया गया, जिससे लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। कार्यक्रम के दौरान ज्यादा संख्या में दिव्यांगजनों के आवेदन प्राप्त किए गए। इनमें अलग-अलग योजनाओं का लाभ लेने के इच्छुक दिव्यांगजन शामिल रहे। विभागीय कर्मचारियों ने आवेदनों से संबंधित जरूरी दस्तावेजों की जानकारी भी दी और पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रक्रिया के बारे में बताया।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar