18वें तिन्दवारा महोत्सव में सजा कुश्ती का अखाड़ा, देशभर के पहलवानों ने दिखाए दमखम

जनपद बांदा।

जनपद के तिन्दवारा स्थित मेडिकल कॉलेज के पास 18वें तिन्दवारा महोत्सव के अंतर्गत भव्य दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। दंगल में भाजपा के वरिष्ठ नेता श्याम मोहन धुरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन समिति की ओर से उनका फूल-मालाओं से स्वागत एवं सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि श्याम मोहन धुरिया ने अखाड़े में उतरकर पहलवानों का हाथ मिलवाया और कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया। दंगल में दिल्ली, बनारस, झांसी, हरियाणा सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए नामचीन पुरुष एवं महिला पहलवानों ने हिस्सा लिया। पहलवानों ने अपने बेहतरीन दांव-पेच और कुश्ती कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमियों की भीड़ उमड़ी।

इस दौरान मुख्य अतिथि श्याम मोहन धुरिया ने पहलवानों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेताओं को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले पहलवान को चांदी की गदा के साथ 31 हजार रुपये की नकद धनराशि प्रदान की गई, जबकि द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले पहलवान को शील्ड एवं 21 हजार रुपये देकर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में आयोजक रामप्रसाद यादव, पहलवान राकेश पहलवान तिन्दवारा, अशोक यादव सहित आयोजन समिति के सदस्य, क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी मौजूद रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट