जनपद बांदा।
आयुक्त, चित्रकूटधाम मण्डल, बाँदा अजीत कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयुक्त कार्यालय में मण्डलीय विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी बाँदा, महोबा एवं हमीरपुर, समस्त मुख्य विकास अधिकारी तथा संबंधित मण्डलीय अधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों, शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, जनशिकायतों के निस्तारण एवं आगामी दीपावली पर्व की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए तथा जनसामान्य को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में आयुक्त द्वारा निम्नलिखित महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए—
1. आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। केवल पोर्टल पर आख्या अपलोड करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता की वास्तविक समस्या का समाधान किया जाना चाहिए।आयुक्त ने आईजीआरएस की स्वयं नियमित मॉनिटरिंग किए जाने का उल्लेख करते हुए जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल संबंधी शिकायतों पर की गई सुधारात्मक कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया। सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के अंतर्गत प्राप्त प्रकरणों का भी निर्धारित समयसीमा में नियमानुसार निस्तारण किया जाए।
2. विद्युत विभाग एवं पीएम सूर्य घर योजना: पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना एवं पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत निर्धारित कार्यों को तेजी से पूर्ण कराते हुए पात्र लाभार्थियों को योजना से लाभान्वित किया जाए। खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल ठीक कराया जाए तथा सात दिनों से अधिक कोई भी प्रकरण लंबित न रहे। हाईटेंशन विद्युत लाइनों की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। विद्युत बिलों में त्रुटियों का प्राथमिकता से सुधार कराया जाए।
3. कृषि विभाग एवं किसान कल्याण प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति में मंडल के चारों जनपदों में सुधार लाया जाए। फसल बीमा कंपनी एवं कृषि विभाग द्वारा फसल क्षति के पात्र दावों का परीक्षण कर किसानों को नियमानुसार समय से क्षतिपूर्ति का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। खाद केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित करते हुए यूरिया एवं डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखी जाए। खाद वितरण में टैगिंग, कालाबाजारी, जमाखोरी एवं निर्धारित दर से अधिक वसूली पर सतत निगरानी रखी जाए।
4. लोक निर्माण विभाग एवं सड़क निर्माण: मंडल में सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए महोबा जनपद में अपेक्षित प्रगति न होने पर अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। सभी संबंधित कार्यदायी संस्थाएं सड़कों को गड्ढामुक्त करने के कार्य में तेजी लाएं तथा मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करें। निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए।
5. स्वास्थ्य विभाग एवं चिकित्सा सुविधाएं: जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत सभी पात्र लाभार्थियों का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। सीटी स्कैन सुविधा तथा 200 बेड के नवनिर्मित अस्पताल के संचालन के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण की जाए। आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग नियमित रूप से व्यवस्थाओं की समीक्षा करे।
6. महिला एवं बाल विकास, दिव्यांगजन एवं समाज कल्याण विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन एवं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए। दिव्यांगजन एवं महिला कल्याण से संबंधित योजनाओं में पात्र व्यक्तियों के लंबित आवेदन पत्रों का प्राथमिकता पर निस्तारण किया जाए।
आईसीडीएस विभाग की समीक्षा करते हुए बांदा एवं हमीरपुर जनपद की प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
7. पर्यटन विकास एवं परियोजनाओं की गुणवत्ता: ऋषि वाल्मीकि आश्रम, पार्किंग, लिफ्ट एवं अन्य पर्यटन विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। भविष्य में किसी भी नई परियोजना का प्रस्ताव तैयार करते समय संबंधित जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी से सुझाव एवं आवश्यक जानकारी अवश्य प्राप्त की जाए, ताकि स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप परियोजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो सके।
8. बेसिक शिक्षा विभाग एवं ऑपरेशन कायाकल्प: मंडल के सभी परिषदीय विद्यालयों का नियमित एवं समयबद्ध निरीक्षण किया जाए तथा पठन-पाठन, साफ-सफाई एवं मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया जाए। विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर का नियमित आकलन करते हुए गणित एवं विज्ञान विषयों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। विद्यालयों में प्रोजेक्टर की व्यवस्था कराने के साथ शिक्षण कार्य को अधिक प्रभावी एवं रुचिकर बनाया जाए।
9. जिलाधिकारी बांदा द्वारा शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित किए जाने का सुझाव दिया गया, जिससे शिक्षकों की नियमित उपस्थिति एवं शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हो सके। मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालयों की व्यवस्थाओं की भी नियमित समीक्षा की जाए।
10. अटल आवासीय विद्यालय मंडल के सभी अटल आवासीय विद्यालयों का नियमित निरीक्षण किया जाए। विद्यार्थियों के पठन-पाठन, साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाओं का विशेष रूप से परीक्षण किया जाए। रसोई एवं भोजन निर्माण में लगे कर्मचारियों द्वारा निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाए तथा निरीक्षण की रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत की जाए।
11. दीपावली पर्व एवं कर्मचारियों के वेतन भुगतान सभी विभागों में कार्यरत आउटसोर्स, संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमानुसार वेतन भुगतान दीपावली पर्व से पूर्व सुनिश्चित किया जाए।
जनपद चित्रकूट में आयोजित होने वाले दीपावली मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल, यातायात प्रबंधन, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य शिविर एवं एम्बुलेंस की समुचित व्यवस्था की जाए।
12. गौशालाओं में गोवंश संरक्षण: सभी गौशालाओं में संरक्षित गोवंश के लिए पर्याप्त भूसा, हरा चारा, स्वच्छ पेयजल एवं शेड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।गौशालाओं का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा जाए।
13. खाद्य एवं रसद विभाग: राशन की दुकानों पर घटतौली एवं वितरण संबंधी अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाई जाए। सभी पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराया जाए तथा वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए।
14. ओडीओपी योजना: एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना की प्रगति में सुधार लाते हुए स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित किया जाए। संबंधित अधिकारियों को उद्यमियों को योजनाओं से जोड़ने एवं रोजगार तथा स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
15. कानून-व्यवस्था एवं आपदा प्रबंधन: संभावित धरना-प्रदर्शनों के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन के आवागमन को सुचारु रखने के निर्देश दिए गए। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ से संबंधित मौसम विभाग की चेतावनी के दृष्टिगत सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। मौसम विभाग की आधिकारिक चेतावनियों का जनसामान्य में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए तथा जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखते हुए आवश्यक राहत एवं बचाव की तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।
बैठक के अंत में आयुक्त अजीत कुमार ने सभी जिलाधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं एवं विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करें तथा दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसामान्य को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, किसानों एवं श्रमिकों के हितों की रक्षा करना तथा जनसमस्याओं का पारदर्शी, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


