जनसमस्याओं को लेकर 22 अक्टूबर को जेडीयू का पैदल मार्च, डीएम कार्यालय में संबंधित अधिकारियों को बुलाने की मांग

जनपद बांदा।

जनपद की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जनता दल यूनाइटेड उत्तर प्रदेश की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी बुंदेलखंड शालिनी सिंह पटेल के जिले से बाहर होने के कारण उनके पत्र को पार्टी के प्रदेश कार्यकारी सदस्य रवींद्रनाथ गुप्ता ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। पत्र के माध्यम से 22 अक्टूबर 2026 को अशोक लाट में जनसभा आयोजित करने तथा दोपहर एक बजे अशोक लाट से जिलाधिकारी कार्यालय तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकालकर ज्ञापन सौंपने की पूर्व सूचना दी गई है। जेडीयू ने मांग की है कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए समन्वय विभाग के माध्यम से जनपद के सभी आठों विकासखंडों के खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ), आवास योजना से संबंधित अधिकारियों, आबकारी विभाग, पुलिस विभाग तथा हर घर जल योजना से जुड़े सभी जिम्मेदार अधिकारियों को दोपहर एक से दो बजे के बीच कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के लिए बुलाया जाए, ताकि जनता की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के सामने रखकर उनके निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित कराई जा सके।

पार्टी की ओर से आवास योजना में सर्वे एवं जियो टैगिंग के बावजूद पात्र गरीब परिवारों के नाम सूची में शामिल न होने और अपात्रों के नाम सूची में होने की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराकर पात्रों को आवास दिलाने, ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब, जहरीली शराब एवं गांजे की बिक्री तथा अवैध शराब की भट्ठियों के संचालन पर प्रभावी कार्रवाई करने और हर घर जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सीसी रोड, आरसीसी सड़कों एवं खड़ंजों की मरम्मत कराने की मांग उठाई जाएगी। शालिनी सिंह पटेल ने पत्र के माध्यम से जिलाधिकारी से स्वयं उपस्थित होकर जनता की समस्याएं सुनने तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराने की अपेक्षा की है।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट