नवरात्र पर्व के मद्देनजर जिलाधिकारी को सौंपा 16 सूत्रीय ज्ञापन, तैयारियां दुरुस्त करने की मांग

जनपद बांदा।

बांदा में नवरात्रि के महापर्व को लेकर बांदा केंद्रीय पूजा महोत्सव समिति ने जिलाधिकारी को 16 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। 11 अक्टूबर से शुरू हो रहे बुंदेलखंड के ऐतिहासिक नवदुर्गा महोत्सव को लेकर तैयारियों को दुरुस्त करने की मांग की गई है। बांदा केंद्रीय पूजा महोत्सव समिति ने डीएम को दिए ज्ञापन में कहा है कि 11 अक्टूबर से नवरात्रि शुरू हो रही है और 20 अक्टूबर को विसर्जन होगा। समिति ने मांग की है कि शहर के सभी मंदिरों और देवी पंडालों में साफ-सफाई, सुरक्षा और सीसीटीवी की व्यवस्था की जाए। सुबह 3 बजे से महिलाओं के मंदिर आने के कारण महिला पुलिस और गश्ती दल तैनात किया जाए। नवरात्रि के दौरान बिजली कटौती न हो, लटकते तार ठीक हों, और सुबह-शाम जलापूर्ति सुचारू रहे।

समिति ने विसर्जन मार्ग को गड्ढा मुक्त और अतिक्रमण मुक्त करने, केन नदी विसर्जन घाट की मरम्मत, रोड लाइट, नाव और हाथ ठेला की व्यवस्था, दो बड़ी हाइड्रा मशीन, स्टीमर और जल पुलिस तैनात करने की मांग की है। साथ ही प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस, स्वास्थ्य कैंप, भारी वाहनों की एंट्री पर रोक और 10 दिन तक मांस-मदिरा की दुकानें बंद रखने की भी मांग शामिल है। ज्ञापन प्रमुख संरक्षक पूर्व विधायक राजकुमार शिवहरे, अध्यक्ष अमित सेठ भोलू और महामंत्री कल्लू सिंह राजपूत के नेतृत्व में दिया गया।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar