कांग्रेस ने निकाला पैदल मार्च, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग, काली पट्टी बांधकर मनाया काला दिवस

जनपद बांदा।

राष्ट्रीय आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी बांदा के तत्वावधान में गुरुवार को अतर्रा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर पैदल मार्च निकाला। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व और अतर्रा नगर अध्यक्ष रमेश साहू की अध्यक्षता में रेलवे स्टेशन स्थित धरना स्थल से शुरू हुआ मार्च गांधी चौक पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया और कार्यक्रम को काला दिवस के रूप में मनाया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया। इस दौरान ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ और ‘वोट चोर कहां मिलेंगे, भाजपा के दफ्तर में’ जैसे नारे लगाए गए।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि कांग्रेस की तीन प्रमुख मांगें हैं—मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें, चुनाव मतपत्र से कराए जाएं और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को रद्द किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के तहत बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से बाहर हुए हैं और चुनाव आयोग इस संबंध में पारदर्शिता के साथ जानकारी नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उसकी गतिविधियों में पारदर्शिता जरूरी है। विपक्ष लोकतंत्र और मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठा रहा है।

महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा खान एडवोकेट ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी सांसदों को चुनाव आयोग से मिलने से रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं के साथ पुलिस द्वारा किए गए व्यवहार को लेकर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष है।

इस मौके पर एआईसीसी सदस्य रमेश चंद्र कोरी, पीसीसी सदस्य पवन देवी कोरी, पूर्व जिलाध्यक्ष साकेत बिहारी मिश्रा, अर्जुन मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष सूरज बाजपेई, जिला महासचिव जगदीश गुप्ता विक्की, राजेंद्र गर्ग नाती, जिला सचिव बाबूराम यादव, अम्बिका खेंगर, सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष संतोष कुमार द्विवेदी, बिसंडा ब्लॉक अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा, नरैनी ब्लॉक अध्यक्ष रामनारायण प्रजापति, सेवादल के कैलाश नाथ बाजपेई, नगर अध्यक्ष नरैनी आरके निगम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट