जनपद बांदा।
प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितम्बर, 2026 के अवसर पर जनपद बाँदा में गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित किया जाएगा। अभियान के प्रथम दिवस को ‘सेवा दिवस–समर्पण का दिवस’ के रूप में मनाते हुए जनपद में विभिन्न जनसेवा, जनकल्याण एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
रक्तदान शिविर एवं मरीजों को फल वितरण:
सेवा दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय एवं रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, बाँदा में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर का शुभारंभ विधायक सदर प्रकाश द्विवेदी द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर रक्तदाताओं को प्रोत्साहित किया गया तथा भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत द्वारा प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों को फल भी वितरित किए गए।

वृद्धाश्रम में वृद्धजनों को फल वितरण:
इसके उपरांत बाँदा स्थित वृद्धाश्रम में वृद्धजनों को फल वितरित कर उनके साथ आत्मीय संवाद किया गया। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी जिला समाज कल्याण अधिकारी अभिषेक कुमार रहे।
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की प्रदर्शनी का शुभारंभ:
पंडित जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज ग्राउंड, बाँदा में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का शुभारंभ जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, विधायक सदर प्रकाश द्विवेदी, विधायक नरैनी ओममणि वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण द्वारा फीता काटकर किया गया।

जनप्रतिनिधिगण ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए इसमें प्रदर्शित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी में पहुंचकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ उठाएं।
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत 77 लाभार्थियों को टूल किट वितरण:
विकास भवन सभागार में विश्वकर्मा जयंती एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत टूल किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 77 लाभार्थियों को मंच से टूल किट प्रदान किए गए। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी उपायुक्त उद्योग अजय यादव रहे। टूल किट प्राप्त करने वाले लाभार्थियों में दर्जी ट्रेड के 52, हलवाई ट्रेड के 20, राजमिस्त्री ट्रेड के 4 तथा लोहार ट्रेड के 1 लाभार्थी शामिल रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री जी ने कहा कि विश्वकर्मा जयंती एवं माननीय प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रारंभ हुआ ‘सेवा संकल्प अभियान’ एक माह तक चलेगा। अभियान के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित करने के साथ ही विभिन्न योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण को विशेष प्राथमिकता मिली है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि आज सायं 7 बजे अपने-अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, समर्पण एवं विकसित भारत के संकल्प में सहभागी बनें।
विधायक सदर प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान एक माह तक चलेगा, जिसमें केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित पात्र लाभार्थियों को सम्मानित किया जाएगा तथा जरूरतमंद पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज 77 लाभार्थियों को टूल किट वितरित किए गए हैं। उन्होंने सभी से सेवा एवं समर्पण की भावना के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
विधायक नरैनी ओममणि वर्मा ने प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए जनपदवासियों से अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित करने तथा सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने की अपील की। भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत एवं क्षेत्रीय मंत्री विनोद कुशवाहा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री ने प्रधान सेवक के रूप में देश की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों को सम्मान, प्रशिक्षण एवं उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
सरकारी भवनों पर दीपोत्सव:
सेवा दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट भवन, विकास भवन, पुलिस थानों, विकास खण्ड कार्यालयों सहित जनपद के विभिन्न शासकीय भवनों पर दीपोत्सव एवं आकर्षक रोशनी की जाएगी। दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से सेवा, समर्पण एवं विकसित भारत के संकल्प का संदेश दिया गया। जिला विकास अधिकारी श्रीमती कविता तिवारी रहे।
जनपदवासियों से प्रदर्शनी का अवलोकन करने की अपील:
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी में सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। जनप्रतिनिधिगण ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन करें, योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्र व्यक्तियों को भी योजनाओं के लाभ के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय, जिला विकास अधिकारी कविता तिवारी, उपायुक्त उद्योग अजय यादव, सहायक आयुक्त संदीप कुमार, सहायक आयुक्त गुरुदेव, जिला सूचना अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


