शासन के निर्धारित समय के बावजूद नहीं खुला केंद्र, मीडिया के पहुंचने पर मचा हड़कंप
रिपो-सुनील प्रजापति ऐंधा जालौन
जालौन। सरकार द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से नौनिहालों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। केंद्रों के नियमित एवं समयबद्ध संचालन के लिए शासन स्तर से समय निर्धारित किया गया है। इसके बावजूद जालौन विकासखंड की ग्राम पंचायत जीपुरा में आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन में गंभीर लापरवाही सामने आई।
सोमवार सुबह करीब 9:50 बजे मीडिया कर्मी जब मौके पर पहुंचा तो आंगनबाड़ी केंद्र बंद मिला। जबकि केंद्र के संचालन का निर्धारित समय सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक बताया गया है। निर्धारित समय शुरू होने के करीब दो घंटे बाद भी केंद्र के बंद मिलने से विभागीय निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।
ग्रामीणों का आरोप- आए दिन रहता है यही हाल
ग्रामीणों का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्र समय से न खुलने की समस्या लगातार बनी हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक ऐसी लापरवाही के चलते बच्चों और अन्य लाभार्थियों को समय से योजनाओं एवं केंद्र की सेवाओं का लाभ नहीं मिल पाता। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी सक्रिय
मामले की जानकारी संबंधित अधिकारी को दी गई। सूचना मिलने के बाद अधिकारी ने तत्काल विभागीय स्तर पर मामले से अवगत कराया और दूरभाष के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्र संचालक को केंद्र खोलने के निर्देश दिए। इसके बाद केंद्र खोला गया।
अब सवाल—लापरवाही पर होगी कार्रवाई या मामला ठंडे बस्ते में?
मौके पर केंद्र का निर्धारित समय के काफी देर बाद तक बंद मिलना विभागीय निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मौके पर मीडिया कर्मी नहीं पहुंचता तो शायद केंद्र के समय से संचालन की हकीकत सामने नहीं आती।
अब बड़ा सवाल यह है कि सुबह 9:50 बजे तक केंद्र बंद मिलने की इस लापरवाही पर विभागीय अधिकारी क्या कार्रवाई करते हैं? क्या जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई होगी या फिर मामला जांच और आश्वासन के बाद ठंडे बस्ते में चला जाएगा? यह आने वाला समय बताएगा।


