बीरा गांव में जलभराव से ग्रामीण परेशान, स्कूल जाने वाले बच्चों की बढ़ी मुश्किलें

जनपद बांदा।

जनपद बांदा के विकासखंड कमासिन क्षेत्र के बीरा गांव में बारिश के बाद जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। गांव के प्राथमिक विद्यालय भाग-1 व भाग-2 सहित भुइयां बाबा के देवस्थान को जाने वाला पक्का मार्ग पानी में डूब गया है। वहीं, गांव से मुख्य मार्ग को जोड़ने वाले रास्ते पर भी जलभराव होने से छात्र-छात्राओं समेत राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई लोगों के घरों में गंदा पानी घुस रहा है। इससे ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी विद्यालय जाने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों को हो रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव की समस्या को लेकर कई बार खबरें प्रकाशित हो चुकी हैं और जिम्मेदार अधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। स्थानीय निवासी लक्ष्मी यादव, बड़कौना सिंह, अश्वनी सिंह, नेता विश्वकर्मा सहित बच्चों के अभिभावकों ने प्रशासन से जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट