बीरा गांव में जलभराव बना बड़ी समस्या, स्कूल जाने वाले मासूम और भुइयां बाबा के श्रद्धालु परेशान

जनपद बांदा।

बांदा जनपद के विकास खंड कमासिन अंतर्गत ग्राम पंचायत बीरा में मुख्य मार्ग पर जल निकासी की व्यवस्था न होने से लंबे समय से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। इस समस्या का सबसे अधिक असर प्राथमिक विद्यालय भाग-1, प्राथमिक विद्यालय भाग-2 तथा आस्था के प्रमुख केंद्र भुइयां बाबा देवस्थान पर पड़ रहा है। सावन माह शुरू होते ही श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई है। प्रतिदिन सुबह श्रद्धालु स्नान-ध्यान के बाद भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने और भुइयां बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन उन्हें मजबूरन गंदे, बदबूदार और कीचड़युक्त पानी से होकर गुजरना पड़ता है। इससे श्रद्धालुओं में भारी नाराज़गी देखी जा रही है।

वहीं इसी मार्ग से दोनों प्राथमिक विद्यालयों के छोटे-छोटे बच्चे भी रोज़ स्कूल आते-जाते हैं। जलभराव और कीचड़ के कारण बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावकों का कहना है कि गंदे पानी से होकर रोज़ गुजरने की वजह से कई बच्चों में खुजली और त्वचा संबंधी समस्याएं भी सामने आ रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार यह गांव का मुख्य मार्ग है, जिससे लगभग तीन हिस्सों की आबादी प्रतिदिन आवागमन करती है। इसके बावजूद आज तक जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं हो सकी है। खासकर बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासी अश्वनी सिंह, कल्लू विश्वकर्मा, कमलेश यादव, लक्ष्मी यादव, लोहा सिंह, कुवेर सहित अनेक ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने संबंधित विभाग और शासन- प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का शीघ्र स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि ग्रामीणों, विद्यार्थियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट