चरवा (कौशांबी):

नगर पंचायत चरवा में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर भव्य रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में हजारों की संख्या में महिला, पुरुष, बच्चे, बुजुर्ग तथा बड़ी संख्या में बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली नगर पंचायत चरवा से प्रारंभ होकर पूरे कस्बे का भ्रमण करते हुए चरवा चौराहा पहुंची। इसके बाद यह चराई गांव स्थित शहीद सूर्यबली मार्ग तक गई और पुनः नगर पंचायत कार्यालय के पास आकर संपन्न हुई। पूरे रूट में “जय भीम” और “बाबा साहेब अमर रहें” के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
रैली के दौरान नीले झंडों और गुलाल से पूरा क्षेत्र नीले रंग में रंगा नजर आया, जिससे माहौल अत्यंत आकर्षक और उत्साहपूर्ण बन गया। कार्यक्रम में तीन डीजे लगाए गए थे, जिन पर बाबा साहेब से जुड़े गीतों और नारों के साथ लोग झूमते नजर आए।
इस भव्य रैली का नेतृत्व नगर पंचायत अध्यक्ष जगनारायण पासी, सुशील जय हिन्द और राम सारण निर्मल, अरुण गौतम सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा और रैली को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
बाबा साहेब की जयंती पर निकली इस विशाल रैली ने सामाजिक एकता, जागरूकता और सम्मान का मजबूत संदेश दिया।
अरुणेश मिश्रा की रिपोर्ट


