देवरिया। एसपी आफिस के दो पुलिसकर्मी काफी शातिर निकले। दोनों ने एक रिटायर फ़ौजी से नौकरी के नाम पर झांसा देकर फ़ौजी का घर गिरवी रखवाकर 15 लाख रूपये ठग लिए। अब दोनों पुलिसकर्मी व एक अन्य के खिलाफ पीड़ित ने कोतवाली में केस दर्ज कराया है।
प्रशान्त कुमार द्विवेदी पुत्र हंसनाथ द्विवेदी निवासी ग्राम रामपुर दूबे पोस्ट बेलवा बाजार थाना महुआडीह जनपद देवरिया से उन्हीं की पहचान के दो पुलिसकर्मी, एसपी आफिस के स्टेनो अफजल खां तथा आरक्षी दीपक सिंह पुलिस कार्यालय देवरिया से थी। वर्ष 2019 में श्री दुबे आर्मी से रिटायर्ड हुए तथा जिविकोपार्जन के लिए नौकरी की तलाश में थे । उस समय स्टेनो अफजल खां तथा आरक्षी दीपक सिंह ने कहा कि हम लोग आपको नौकरी दिला देंगे। जब श्री दुबे उन पुलिसकर्मियों के झांसा में आ गए तो उनसे नौकरी दिलाने के नाम पर पन्द्रह लाख रुपये की मांग की।दुबे ने अपना घर गिरवी रखकर रूपये दे दिए। जब कुछ दिन बाद नौकरी नहीं मिली तो श्री दुबे अपना पैसा मांगने लगे तो दोनों पुलिसकर्मी उल्टे उन्हें धमकाने लगे कि हम लोग पुलिस में हैं किसी मुकदमे में फंसा कर जेल भेज देंगे। कहा तो यहां तक गया कि तुम लोग पति पत्नी आत्म हत्या कर लो हम पैसे नहीं देंगे।
थक हार कर प्रशांत कुमार द्विवेदी ने कोतवाली में एसपी कार्यालय के स्टोनो, आरक्षी व आरक्षी की पत्नी के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।



