युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप-परिजनों ने लगाई न्याय की गुहार

शेयर करे

खखरेरू/फतेहपुर ::- थाना क्षेत्र के एक गांव से 18 वर्षीय युवती के कथित रूप से बहला-फुसलाकर ले जाए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिजन ने थाने में तहरीर देकर आरोपी युवक के विरुद्ध कार्रवाई और युवती की सकुशल बरामदगी की मांग की है।

पीड़ित के अनुसार, बीते महीने 30 दिसंबर को वह रहमतपुर बाजार गया हुआ था। बाजार से वापस लौटने पर उसने देखा कि उसकी 18 वर्षीय बेटी घर से गायब है। परिजनों ने आसपास एवं रिश्तेदारी में काफी खोजबीन की, लेकिन युवती का कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि बिहार प्रांत का रहने वाला मोहम्मद समीर, जो गांव में रजाई भरने का कार्य करता था, युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ लेकर फरार हो गया। पीड़ित परिवार ने युवती की सकुशल बरामदगी को लेकर प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

इस संबंध में थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है तथा मामले की जांच करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट