जनपद बांदा।
संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान के तत्वावधान में पं. जेएन डिग्री कॉलेज मैदान में गुरुवार को पांच दिवसीय श्रीभक्त चरित्र कथा का भक्तिमय शुभारंभ हुआ। प्रख्यात कथा वाचक इंद्रेश जी महाराज ने पहले दिन श्रीरामभक्त माता शबरी के चरित्र का वर्णन करते हुए भक्ति के तीन प्रमुख सूत्र परिश्रम, प्रार्थना और प्रतीक्षा बताए। कथा के दौरान भगवान श्रीराम व श्रीकृष्ण के मधुर भजनों पर हजारों श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे।

वृंदावन से पहुंचे इंद्रेश जी महाराज ने व्यास पीठ एवं तुलसी पूजन के साथ कथा आरंभ की। उन्होंने बांदा के श्रद्धालुओं की अगाध श्रद्धा की सराहना करते हुए वर्ष 2016 और 2018 में यहां आयोजित कथाओं के संस्मरण साझा किए। माता शबरी सहित हनुमान, सुग्रीव, ध्रुव, सुदामा और अन्य भक्तों की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि सच्ची भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान स्वयं भक्त के पास आते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रतिदिन कम से कम तीन बार भगवान का स्मरण करने और भक्ति को निरंतर बढ़ाने का आह्वान किया।

मुख्य संरक्षक सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने पत्नी सरिता द्विवेदी, पुत्र देवांश एवं पुत्रवधू डॉ. जिज्ञासा के साथ व्यास पीठ पूजन कर कथा व्यास का स्वागत किया। प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद और नरैनी विधायक ओममणि वर्मा ने भी कथा पंडाल पहुंचकर आशीर्वाद लिया। आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए संस्थान के प्रमुख संरक्षक राजकुमार शिवहरे व अध्यक्ष अशोक त्रिपाठी ‘जीतू’ के मार्गदर्शन में 22 समितियां व्यवस्थाओं में जुटी हैं।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


