– मेले से पहले गड्ढों में तब्दील सड़क बनी मुसीबत
– बुदवन-प्रेमनगर मार्ग पर चार साल में पांच बार काम, फिर भी बदहाल सड़क
सुल्तानपुर घोष/फतेहपुर ::- बुदवन से प्रेमनगर को जोड़ने वाली सड़क की बदहाली दो दिन बाद शुरू होने वाले ऐतिहासिक दो दिवसीय मेले पर भारी पड़ सकती है। सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील है और कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में मेले में आने वाले हजारों राहगीरों के साथ दुकानदारों और वाहनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
बताते चलें कि थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के प्रेमनगर कस्बे में लगने वाला यह मेला क्षेत्र के प्रमुख मेलों में माना जाता है। दो दिवसीय मेले में करीब एक लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान रहता है। ऐसे में कस्बा के भादर / प्रेमनगर मार्ग की मौजूदा स्थिति यातायात व्यवस्था के लिए भी चुनौती बन सकती है।
– स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर पिछले चार वर्षों में करीब पांच बार काम कराया जा चुका है, इसके बावजूद सड़क की हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। जगह-जगह बने गड्ढे और बरसात के बाद जमा पानी राहगीरों की मुश्किल बढ़ा रहा है। मेले के दौरान इसी मार्ग से बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, जिससे स्थिति और गंभीर होने की आशंका है।
– मेले में दूर-दराज से आने वाले दुकानदारों को सामान पहुंचाने एंव दुकान सजाने में दिक्कत होगी तो दूसरी ओर परिवार के साथ पहुंचने वाले दर्शकों को भी गड्ढों और जलभराव से होकर गुजरना पड़ सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन, मेला कमेटी और व्यापार मंडल से मेले से पहले सड़क की स्थिति को लेकर आपसी समन्वय से जरूरी कदम उठाने की मांग की है।
– लोगों का कहना है कि एक ओर मेले में करीब एक लाख की भीड़ जुटने की तैयारी है, वहीं दूसरी ओर बदहाल सड़क और जलभराव और गंदगी की समस्या जस की तस है,ऐसे में मेला शुरू होने से पहले सड़क को गड्ढामुक्त कराने और जलभराव से निजात दिलाने पर गंभीरता से विचार जरूरी है।


