डंपर से उतरकर मिट्टी के ढेर पर चढ़कर फोन पर कर रहा था बात, करंट की चपेट में आने से गई जान
अशोथर फतेहपुर
असोथर, फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र में सरकंडी चौकी के आगे जद्दू बगहा के पास रविवार को हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से डंपर चालक की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही सड़क निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे कर्मचारियों ने घायल चालक को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सराय खालिस पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जालौन जनपद के कदौरा थाना क्षेत्र के रैला अलीपुर गांव निवासी सिप्पू यादव (25) पुत्र प्रेम नारायण डंपर चालक था। वह कबरई से गिट्टी लादकर मनॉवा-सरकंडी चौकी संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य के लिए गिट्टी लेकर आया था। बताया जा रहा है कि सरकंडी चौकी के आगे जद्दू बगहा के पास हाईटेंशन लाइन काफी नीचे थी।
डंपर से उतरने के बाद सिप्पू सड़क किनारे मिट्टी के ढेर पर चढ़कर किसी से मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना की जानकारी मिलते ही निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे मुंशी राहुल मिश्रा ने 108 एंबुलेंस की मदद से उसे सीएचसी सराय खालिस पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन मौके के लिए रवाना हो गए।
परिजनों के अनुसार सिप्पू पिछले चार-पांच वर्षों से डंपर चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। उसके पिता खेती-किसानी करते हैं। सिप्पू दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई अवध नरेश 13 वर्ष का है। तीन बहनों में राखी (18) की शादी हो चुकी है, जबकि आकांक्षा (12) और छुन्ना देवी (8) हैं। परिजनों ने बताया कि सिप्पू की शादी भी हाल ही में तय हुई थी।
सिप्पू डंपर मालिक सोनू सिंह, एमबीआरएल कंपनी, निवासी चंद्रपुरवा, थाना भरुआ सुमेरपुर, जनपद हमीरपुर के डंपर पर चालक के रूप में कार्यरत था।
कार्यवाहक थाना प्रभारी उपनिरीक्षक बृजेंद्र माथुर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। सीएचसी सराय खालिस में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ब्यूरो रिपोर्ट


