जनपद बांदा।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा राजभवन, लखनऊ से प्राप्त निर्देशों के क्रम में बाँदा कृषि एवं प्रौद्योगिक बाँदा के उद्यान महाविद्यालय के सभागार में “नशा मुक्त युवा– विकसित भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत 100 सप्ताह के राष्ट्रीय जनआंदोलन का शुभारंभ मुख्य अतिथि माननीय कुलपति डॉ. एस.वी.एस. राजू ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने छात्र-छात्राओं का आह्वान किया कि वे किसी भी प्रकार के मादक नशे से दूर रहते हुए ज्ञान, लक्ष्य, परिश्रम और सफलता को ही अपना ध्येय बनायें। उन्होंने कहा कि ऐसा सकारात्मक दृष्टिकोण व्यक्ति को निरंतर प्रगति एवं सफलता की ओर अग्रसर करता है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को उच्च लक्ष्य निर्धारित करने, प्रत्येक कार्य के परिणामों पर पूर्व विचार करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रेरणा प्रदान की।
कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों का स्वागत छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. अजीत सिंह ने स्वागत भाषण के माध्यम से किया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का हार्दिक स्वागत किया। तदुपरांत उन्होंने उपस्थित सभी छात्र- छात्राओं, शिक्षकगण एवं अधिकारियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में विषय प्रवर्तन करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. योगेश ने नशे से संबंधित विभिन्न सर्वेक्षणों के निष्कर्ष प्रस्तुत किए तथा युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति एवं उसके सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला।इसके पश्चात भारत सरकार द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का उद्यान महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में सजीव प्रसारण कराया गया।
सजीव प्रसारित कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण नशा मुक्ति विषय पर आधारित एक मार्मिक नाट्य प्रस्तुति रही। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को यह प्रभावी संदेश दिया गया कि नशे का पहला कदम ही सबसे खतरनाक होता है तथा नशे की शुरुआत व्यक्ति का स्वयं का निर्णय होती है। अतः समय रहते नशे से दूर रहना ही स्वस्थ, सुरक्षित एवं सफल जीवन का आधार है। प्रस्तुति ने उपस्थित विद्यार्थियों को नशा मुक्त जीवन का सशक्त संदेश दिया।इस सजीव प्रसारण के सफल संचालन में डॉ. धीरज मिश्रा एवं डॉ. अन्नू का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम में निदेशक प्रशासन एवं अनुश्रवण डॉ. नरेंद्र सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए नशे के विभिन्न आयामों, उसके सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्प्रभावों तथा युवाओं पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों पर सारगर्भित प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सहायक छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. पूनम पांडे ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने अपने संबोधन में अभियान की आवश्यकता, उद्देश्य एवं सामाजिक महत्व को सरल एवं प्रभावशाली शब्दों में स्पष्ट करते हुए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर निदेशक शोध डॉ. जगन्नाथ पाठक, निदेशक प्रशासन एवं अनुश्रवण डॉ. नरेंद्र सिंह, उद्यान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एस.वी. द्विवेदी, कुलसचिव श्री एस.के. सिंह, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. आनंद कुमार चौबे, विभिन्न एकाइयों के कार्यक्रम अधिकारी, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन नशा मुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी संचालन डॉ. हंसमीत कौर ने किया।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


