राखी और पाती के जरिए उठी बुन्देलखण्ड राज्य की मांग

फतेहपुर खागा। बुन्देलखण्ड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय के आह्वान पर “एक राखी, एक पाती—बुन्देलखण्ड के नाम” अभियान की शुरुआत 10 जुलाई 2026 से हुई है। यह अभियान रक्षाबंधन तक चलेगा। अभियान के तहत बुधवार को मालती विद्या पीठ माध्यमिक विद्यालय, रारी में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य गोविंद सिंह भदौरिया के नेतृत्व में बहनों और छात्राओं ने अपनी कला एवं भावनाओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम बधाई पत्र तैयार किए। पत्रों के साथ राखियां भी भेजी गईं। इन पत्रों के माध्यम से प्रधानमंत्री से अलग बुन्देलखण्ड राज्य के गठन की मांग की गई।

कार्यक्रम में बहनों ने कहा कि बुन्देलखण्ड की बेटियां और बहनें भी अपने क्षेत्र के बेहतर भविष्य और विकास के लिए अलग राज्य की मांग को आवाज दे रही हैं। राखी के माध्यम से प्रधानमंत्री तक यह संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है कि बुन्देलखण्ड को अलग राज्य का दर्जा देकर क्षेत्र के विकास को गति दी जाए।

बुन्देलखण्ड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय ने कहा कि 10 जुलाई से शुरू हुआ यह अभियान रक्षाबंधन तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य बुन्देलखण्ड की बहनों, छात्राओं और आमजन को जोड़कर प्रधानमंत्री तक “एक राखी, एक पाती—बुन्देलखण्ड राज्य के नाम” का संदेश पहुंचाना है। उन्होंने अधिक से अधिक विद्यालयों, महाविद्यालयों और परिवारों से अभियान में जुड़ने का आह्वान किया।