आंगनबाड़ी बनी शोपीस प्राथमिक स्कूल में पढ़ने को मजबूर नौनिहाल

फतेहपुर खागा ::-  विजयीपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत महेशपुर मठेठा में लाखों रुपये की लागत से बना आंगनबाड़ी केंद्र नौनिहालों के काम नहीं आ रहा है। केंद्र में न खिड़कियां हैं और न ही बच्चों के बैठने के लिए फर्श की समुचित व्यवस्था। जगह के अभाव में छोटे-छोटे बच्चों को प्राथमिक विद्यालय में बैठाकर पढ़ाया जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्र की नियमित साफ-सफाई भी नहीं होती। परिसर में गंदगी और झाड़ियां होने से कीड़े-मकौड़ों का अड्डा बना हुआ है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

आंगनबाड़ी परिसर में लगा हजारों रुपये कीमत का हैंडपंप भी देखरेख के अभाव में गंदगी के बीच पड़ा है। लाखों रुपये खर्च कर तैयार किए गए केंद्र और हजारों रुपये की लागत से लगाए गए हैंडपंप की बदहाली जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब आंगनबाड़ी केंद्र में नौनिहालों के बैठने तक की व्यवस्था नहीं है तो लाखों रुपये खर्च करने का उद्देश्य ही अधूरा रह गया। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से केंद्र की साफ-सफाई कराने, फर्श व खिड़कियों की व्यवस्था कराने और हैंडपंप को दुरुस्त कराने की मांग की है।