गुरु वचन पर अडिग विश्वास और एक बार ‘हरि बोल’ से मिल जाते हैं नारायण : इंद्रेश जी महाराज

जनपद बांदा।

संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान के तत्वावधान में पं. जे.एन. कॉलेज मैदान में आयोजित पांच दिवसीय श्री भक्त चरित्र कथा के दूसरे दिन शुक्रवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्यास पीठ से पूज्य इंद्रेश जी महाराज ने माता शबरी, संत सूरदास, भक्त सेन नाई और श्री नित्यानंद महाप्रभु के प्रसंगों के माध्यम से गुरु निष्ठा, भगवद नाम की महिमा और सच्ची भक्ति का संदेश दिया। मंच पर कुरसेजा पीठाधीश्वर 1008 श्री परमेश्वर दास जी महाराज का सानिध्य रहा। महाराज ने कहा कि माता शबरी को अपने गुरु के वचन पर अटूट विश्वास था कि प्रभु श्रीराम अवश्य आएंगे। इसी निश्छल श्रद्धा के कारण भगवान स्वयं उनकी कुटिया तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में दिखावे की भक्ति आसान है, लेकिन गुरु और प्रभु के प्रति सच्चा विश्वास जगाना कठिन है। एक बार ‘हरि बोल’ नाम लेने की महिमा बताते हुए उन्होंने कहा कि भगवद नाम में अपार शक्ति है।

सूरदास जी की गुरु निष्ठा और भक्त सेन नाई के लिए भगवान द्वारा स्वयं राजा की सेवा करने के प्रसंग सुनाकर महाराज ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। उन्होंने चित्रकूट की महिमा बताते हुए तीर्थों के प्राचीन स्वरूप और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। कहा कि तीर्थों और पवित्र नदियों को स्वच्छ रखना प्रत्येक श्रद्धालु की जिम्मेदारी है।कथा के दौरान सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी की धार्मिक निष्ठा एवं संत सेवा की प्रशंसा भी की गई। आयोजन के साथ छह दिवसीय विशाल भंडारा चल रहा है, जिसमें प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट