पोषण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य सुधार में लापरवाही न बरतें अधिकारी : जिलाधिकारी

जनपद बांदा।

जिलाधिकारी बाँदा अमित आसेरी की अध्यक्षता में पोषण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पोषण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा सभी निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने निम्नलिखित महत्वपूर्ण निर्देश दिए—

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना: योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य एवं अब तक की प्रगति की समीक्षा करते हुए कमजोर प्रदर्शन वाले जसपुरा, तिंदवारी एवं बड़ोखर खुर्द विकासखंडों को विशेष प्रयास कर प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से समन्वय स्थापित कर पात्र लाभार्थियों के पंजीकरण एवं लक्ष्य में वृद्धि सुनिश्चित करने को कहा।

आंगनबाड़ी कार्मिकों की तैनाती: आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों पर तैनाती की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर एक सप्ताह के अंदर पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिससे आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन सुचारु रूप से हो सके।

हॉट कुक्ड मील योजना: नए फीट एवं हॉट कुक्ड मील योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विशेष रूप से कम उपस्थिति वाले आंगनबाड़ी केंद्रों पर फोकस करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों पर भोजन तैयार करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रहें तथा केंद्र पर आने वाले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए।

एनआरसी एवं सैम-मैम बच्चों की देखभाल: एनआरसी में बच्चों के प्रवेश की स्थिति की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने जनपद में चिन्हित 47 सैम एवं मैम बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन बच्चों के साथ संवेदनशीलता एवं व्यक्तिगत देखभाल के साथ कार्य किया जाए, जिससे उनके स्वास्थ्य में शीघ्र सुधार हो सके।

पोषण ट्रैकर की समीक्षा: पोषण ट्रैकर के माध्यम से आधार सत्यापित लाभार्थियों की प्रगति बढ़ाने तथा पात्र लाभार्थियों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वृद्धि निगरानी एवं गृह भ्रमण: शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों की वृद्धि निगरानी से संबंधित फीडिंग निर्धारित समय के भीतर पूर्ण करने तथा गृह भ्रमण की फीडिंग एवं अभिलेखों को अद्यतन और शुद्ध रखने के निर्देश दिए।

वीएचएसएनडी एवं अपार आईडी: वीएचएसएनडी फीडिंग की प्रगति बढ़ाने के साथ ही अपार आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। तीन से छह वर्ष तक के आंगनबाड़ी में पंजीकृत बच्चों की अपार आईडी बनाने के कार्य में विशेष प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि आगामी माह में पोषण विभाग के सभी निर्धारित पैरामीटर पर अपेक्षित सुधार एवं प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही अथवा शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों एवं महिलाओं के पोषण और स्वास्थ्य में सुधार शासन की प्राथमिकता है। अतः सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ पूरी संवेदनशीलता, जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता से कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट