मानसिक कमजोर असम राज्य की भटकी हुई महिला को सकुशल रेस्क्यू कर असम के वन स्टॉप सेंटर किया गया सुपुर्द

जनपद बांदा।

पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के नेतृत्व में चलाये जा रहे अभियान “ऑपरेशन मुस्कान” के क्रम में शनिवार 17 अक्टूबर 2026 को ऑपरेशन मुस्कान के तहत थाना बदौसा की मिशन शक्ति टीम द्वारा मानसिक रूप से कमजोर असम राज्य की भटकी हुई महिला को सकुशल रेस्क्यू कर असम के वन स्टॉप सेंटर पहुंचाया गया। पुलिस की सूचना के अनुसार दिनांक 14 सितंबर 2026 को थाना बदौसा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम महुराई में रेलवे पटरी के किनारे एक महिला ट्रेन से कटने के उद्देश्य से घूम रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना बदौसा की मिशन शक्ति टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा वहां घूम रही भटकी हुई महिला को सकुशल अपने संरक्षण में लेकर थाना बदौसा लाया गया। महिला अपना नाम-पता बताने में असमर्थ थी तथा मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही थी। महिला को वन स्टॉप सेंटर बांदा पहुचाया गया। महिला की पहचान सुनिश्चित करने हेतु पुलिस टीम द्वारा व्हाट्सएप ग्रुपों में महिला की फोटो साझा कर तकनीकी एवं अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाने के निरंतर प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में महिला द्वारा अपना नाम रूपाली पत्नी अमरेती पुत्री अनिराम निवासी चिमान चोकरे जनपद धेमाजी राज्य असम बताया गया। जिसके आधार पर महिला की पहचान सुनिश्चित की गई। पहचान सुनिश्चित होने के पश्चात थाना बदौसा पुलिस की मिशन शक्ति टीम द्वारा तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए महिला की सुरक्षा एवं देखभाल के दृष्टिगत उसे वन स्टॉप सेंटर गुवाहाटी असम ले जाकर सुपुर्द किया गया। वन स्टॉप सेंटर, गुवाहाटी द्वारा महिला के परिजनों से संपर्क स्थापित कर अग्रिम आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। इस दौरान पुलिस टीम में थानाध्यक्ष बदौसा राजेश कुमार मौर्या, उ०नि० प्रमोद कुमार, कां० आलोक यादव, म०कां० निशा चौहान, म०कां० आरती पटेल, म०कां० सोनम मौजूद रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट