मुख्य अतिथि उषा मौर्या और ब्लॉक प्रमुख अनुज प्रताप सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद
खागा (फतेहपुर)। तहसील खागा क्षेत्र के विकासखंड ऐरायां स्थित ब्लॉक परिसर में शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह एवं निकाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में तीन विकासखंडों ऐरायां, भिटौरा और हथगाम से आए कुल 209 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।जिसमे 1 जोड़ा मुस्लिम परिवार का था। तथा एक मुस्लिम जोड़े का निकाह शामिल रहा। कार्यक्रम के दौरान नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित इस समारोह में ऐरायां विकासखंड से 60, भिटौरा से 71 तथा हथगाम से 78 जोड़े विवाह के लिए पहुंचे। सभी जोड़ों ने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। कार्यक्रम में परिजनों एवं उपस्थित लोगों ने नवदंपतियों को बधाई देते हुए उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की।
समारोह की मुख्य अतिथि श्रीमती उषा मौर्या ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने नवदंपतियों को वैवाहिक जीवन में आपसी प्रेम, विश्वास, सहयोग और पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।
वहीं, ब्लॉक प्रमुख अनुज प्रताप सिंह ने ब्लॉक परिसर में पहुंचे सभी नवविवाहित जोड़ों का हार्दिक अभिनंदन किया और उन्हें विवाह की बधाई दी। उन्होंने कहा कि नवदंपति अपने जीवन में प्रेम, सौहार्द और आपसी विश्वास बनाए रखें तथा एक-दूसरे का सहयोग करते हुए सुखमय जीवन व्यतीत करें।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करना और जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक संबल देना है। एक ही परिसर में आयोजित इस समारोह ने विभिन्न परिवारों को एक साथ खुशियां मनाने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम के समापन पर नवविवाहित जोड़ों को सुखी एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी गईं। समारोह में तीन विकासखंडों से आए जोड़ों की भागीदारी के चलते ब्लॉक परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा।
ब्यूरो रिपोर्ट
ऐरायां ब्लॉक परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह संपन्न, 209जोड़े परिणय सूत्र में बंधे


