विशेष सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग ने ब्लाक बिसंडा के किसान बोधगम्य FPO का किया भ्रमण

जनपद बांदा।

बाँदा के बिसंडा रोड स्थित जैविक ग्राम में संचालित किसान बोधगम्य फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (FPO) का मंगलवार को रणविजय यादव, विशेष सचिव, सिंचाई एवं जलb संसाधन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा भ्रमण किया गया। इस दौरान उन्होंने FPO द्वारा किसानों के साथ मिलकर किए जा रहे प्राकृतिक कृषि, देशी बीज संरक्षण, उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन से संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। भ्रमण की शुरुआत FPO के रिटेल स्टोर से हुई। FPO के CEO रोहित श्रीवास्तव ने रणविजय यादव को FPO द्वारा तैयार एवं विपणन किए जा रहे विभिन्न उत्पादों के बारे में जानकारी दी। इनमें अतर्रा क्षेत्र का प्रसिद्ध महाचिन्नावर चावल, बुंदेलखंड की अरहर दाल, कठिया गेहूँ सहित अन्य पारंपरिक एवं स्थानीय कृषि उत्पाद प्रमुख रहे।

इसके पश्चात रणविजय यादव ने वर्मी कम्पोस्ट यूनिट तथा FPO एवं जैविक ग्राम के सहयोग से तैयार किए जा रहे देशी धान की विभिन्न प्रजातियों के प्रदर्शन प्लॉट का अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें बताया गया कि FPO किसानों के साथ मिलकर बीज से उत्पादन और उत्पादन से बाजार तक की सहभागी व्यवस्था पर कार्य कर रहा है। किसान FPO से देशी एवं पारंपरिक प्रजातियों के गुणवत्तापूर्ण बीज प्राप्त करते हैं, अपने खेतों में उनका उत्पादन करते हैं और फसल तैयार होने के बाद उत्पाद एवं बीज को पुनः FPO के साथ जोड़ते हैं। इस व्यवस्था के माध्यम से किसानों को पारंपरिक प्रजातियों के संरक्षण एवं उत्पादन के साथ-साथ उनके उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने में सहयोग मिलता है। इससे देशी बीजों का संरक्षण, किसानों की भागीदारी और स्थानीय कृषि उत्पादों की बाजार तक पहुंच एक साथ मजबूत हो रही है।

FPO कार्यालय में रणविजय यादव को लकी बैंबू तथा FPO द्वारा तैयार महाचिन्नावर चावल, अरहर दाल एवं कठिया गेहूँ भेंट किए गए। इस अवसर पर FPO द्वारा किसानों के साथ प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने तथा देशी फसलों एवं पारंपरिक बीजों को पुनर्जीवित करने के प्रयासों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। रणविजय यादव ने FPO के कार्यों एवं किसानों के साथ किए जा रहे प्रयासों को समझते हुए उत्पादों के व्यापक बाजार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विशेष रूप से कानपुर अथवा लखनऊ जैसे बड़े शहरों में FPO का अपना रिटेल स्टोर स्थापित करने का सुझाव दिया, जिससे बुंदेलखंड के पारंपरिक एवं प्राकृतिक कृषि उत्पादों को बड़े उपभोक्ता बाजार तक पहुंचाया जा सके। भ्रमण के दौरान जैविक ग्राम परिसर में रणविजय यादव द्वारा हरिशंकरी पौधे का वृक्षारोपण भी किया गया। यह पहल पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश देती है।

इस अवसर पर बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्त राम तिवारी, किसान बोधगम्य FPO के निदेशक शिवनारायण, हरिमोहन श्रीवास्तव, प्रमोटर राजेंद्र कुमार, CEO रोहित श्रीवास्तव, लेखाकार अमन तिवारी सहित FPO के किसान सदस्य एवं अन्य सहयोगी उपस्थित रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट